पंतनगर: मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के माली ने लगाई फांसी  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंतनगर, अमृत विचार। पंतनगर मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के माली ने अज्ञात कारणों के चलते पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली है। इसका पता चलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की अभी कोई जानकारी नहीं है।

झा कालोनी पंतनगर निवासी 47 वर्षीय राम किशन पुत्र मटरू विवि के मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय में नियमित माली के पद पर तैनात था। वह पत्नी और तीन पुत्र तथा दो पुत्रियों के साथ रहता था। सोमवार तड़के वह घर से साइकिल से निकला। इसके बाद उसने श्मशान घाट के पास एक पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।

सुबह आठ बजे वहां से गुजर रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी तो विवि की सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। पंतनगर थाना पुलिस ने उसे पेड़ से नीचे उतारा। राम किशन के आत्महत्या करने की सूचना पर उसकी पत्नी और बच्चे भी मौके पर पहुंच गए। जहां उसकी लाश देखकर स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बाद में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। थानाध्यक्ष पंतनगर राजेंद्र सिंह डांगी ने बताया कि मृतक के पास से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार