अयोध्या : जब फांसी लगाने के लिए पेड़ पर चढ़ गया पीड़ित तब तहसील ने सुनी फरियाद..
अमृत विचार, सोहावल/ अयोध्या। भाईयों से भूमि विवाद को लेकर तहसील के चक्कर काटते काटते थक चुके एक पीड़ित ने सोमवार को तहसील प्रशासन को हिला कर रख दिया। पीड़ित फांसी लगाने को फंदा तैयार कर पेड़ पर चढ़ गया। जब इसकी जानकारी तहसील के जिम्मेदारों को हुई तो आनन-फानन में उसकी फरियाद का निपटारा किया गया। करीब दो घंटे तक हड़कंप मचा रहा।
सोहावल तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा करेरु के मजरे बड़ा मिझौड़ा गुलाल तारा निवासी 40 वर्षीय रामधीरज उर्फ नान्हू की लगभग साढ़े तीन बीघा खेत की जमीन का भाईयों से विवाद था। इसे लेकर वह एक साल से तहसील के चक्कर काट रहा था। मामले का निदान नही होने के कारण सोमवार दोपहर रामधीरज रस्सी का फंदा गले में बांधकर पेड पर चढ़ गया। मामले की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अवनीश तिवारी ने थाना प्रभारी समेत तहसील प्रशासन को दी। सूचना पर तहसीलदार,नायब तहसीलदार शेखर शुक्ला राजस्व कर्मियों व पुलिस प्रशासन के साथ पहुंचे ।
लगभग दो घंटे तक चले मान मनव्वल को सुलझाने के लिए राजस्व निरीक्षक हल्का लेखपाल से विवादित जमीन पर पीड़ित के विपक्षी भाईयों द्वारा बनाई गयी दीवार गिरवाकर खेत की मेढ़बंदी करवा कर युवक को पेड़ से सकुशल उतारने मे कामयाबी हासिल की। पीड़ित विवादित जमीन के लिये एक साल पहले तत्कालीन उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह के कार्यकाल में पेड़ पर चढ़ा था।तमाम अश्वासनों के बाद भी निस्तारण नही होने से पीड़ित सोमवार को फिर पेड़ पर चढ़ गया। इसे लेकर पूरे गांव में खासी चर्चा है।
