रुद्रपुर: पैसे समय पर नहीं लौटाए तो ब्याजखोरों ने कर दी पिटाई, पहले भी हो चुका है ऐसा...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर में एक बार फिर सूदखोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि सूदखोर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे बंधक बनाकर मारपीट की। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर अपनी जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे आदित्य कुमार ने एसएसपी को दिये शिकायती पत्र में बताया कि उसने एक व्यक्ति से 5.50 लाख रुपये पांच प्रतिशत ब्याज पर कारोबार के लिए लिये थे। जिसके बाद उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर एक फर्म बनाई थी। शुरुआत में ब्याज सहित किश्त भी उक्त व्यक्ति को दी गई। कुछ समय बाद मंदी के कारण पीड़ित ने उस व्यक्ति से रुपये अदायगी के लिए कुछ समय मांगा। जिस पर वह व्यक्ति नहीं माना और पीड़ित के सात लाख रुपये के स्टाम्प व फर्म के चेक रख लिये।

तीन माह बाद पीड़ित ने उस व्यक्ति को 1.85 लाख रुपये और दे दिये। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने ब्याज पर ब्याज लगाकर उनके लिये रुपये को और बढ़ा दिया। जिससे उन्हें आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है।

साथ ही आरोप लगाया कि 21 नवंबर को उस व्यक्ति ने पीड़ित व उसके दोस्त को बहाने से बुलाया और उनके साथ गाली गलौच कर उन्हे एक कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया। जहां उनके साथ मारपीट की गई। जिसका वीडियो भी पीड़ित के पास मौजूद है। पीड़ित ने एसएसपी से जान माल का खतरा बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार