काशीपुर: आरोपियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग
काशीपुर, अमृत विचार। राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने निंदा कर उच्च शिक्षा निदेशक से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर के प्राध्यापकों के साथ अभद्रता, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने वाले छात्र नेताओं के विरुद्ध तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
बुधवार को राधेहरि पीजी कॉलेज के प्राध्यापक-प्राध्यापिकाओं ने उच्च शिक्षा निदेशक हल्द्वानी, सचिव और पुलिस महानिदेशक को संबोधित ज्ञापन प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद्र कुशवाहा को सौंपा। जिसमें कहा गया कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर में कार्यरत प्राध्यापिका डॉ. हेमलता सैनी और प्राध्यापक डॉ. रविंद्र सैनी के साथ दूरभाष पर हुई वार्ता से ज्ञात हुआ है कि 17 नवंबर को शासकीय कार्य के दौरान कुछ छात्र नेताओं द्वारा गैर जरूरी विषय पर अनावश्यक बहस को तूल देते हुए अभद्रता, गाली-गलौज, हाथापाई, मारपीट करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी।
इस घटना से दोनों प्राध्यापकों सहित पूरे उत्तराखंड के प्राध्यापक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कहा कि प्रदेश के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों में एक ओर प्राध्यापक मानव संसाधनों के विकास में कार्य कर रहे हैं, दूसरी ओर प्राध्यापकों के साथ इस प्रकार का अमर्यादित व्यवहार करना एक शिक्षक तथा उच्च शिक्षा के सम्मान एवं अस्तित्व को कम करने जैसा है। वहां पर डॉ. आशा राणा, डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. रीता सचान, डॉ. स्नेह लता, डॉ. लक्ष्मी देवी, डॉ. सविता पांडेय, डॉ. नीरज, डॉ. एके मौर्य, डॉ. राघव झा, डॉ. मीना शर्मा आदि मौजूद रहे।
