हल्द्वानी: छूटे क्षेत्रों को सर्वे कर मलिन बस्ती में शामिल करें
हल्द्वानी, अमृत विचार। मलिन बस्ती सर्वेक्षण से बाहर किए गये क्षेत्रों को मलिन बस्ती में शामिल करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। बुधवार को इस मामले में पार्षदों व नगर आयुक्त के बीच वार्ता हुई। जिसमें पार्षदों ने शीघ्र छूटे क्षेत्रों को मलिन बस्ती में शामिल कर सर्वे कराने की मांग उठाई।
इंदिरानगर व वनभूलपुरा क्षेत्र के पार्षद बुधवार को नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय से वार्ता करने नगर निगम पहुंचे। इस दौरान पार्षदों ने नगर आयुक्त से मलिन बस्तियों के अब तक हुए सर्वेक्षण व सर्वे से बाहर किए गए क्षेत्रों के संबंध में आदेश की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही इंदिरानगर पूर्वी, इंदिरानगर पश्चिमी, इंदिरानगर पश्चिमी ए, गफूर बस्ती व चिराग अली शाह बाबा क्षेत्र को गठित कमेटी के माध्यम से सर्वे कराकर मलिन बस्ती में शामिल करने का आग्रह किया।
पार्षद शकील अंसारी ने बताया कि 22 पार्षदों ने पूर्व में अपनी सहमति देते हुए निगम प्रशासन को पत्र देकर इस मामले को बोर्ड बैठक के प्रस्ताव में शामिल करने की मांग की थी, लेकिन निगम अधिकारियों ने ऐसा नहीं किया। बैठक में नगर आयुक्त ने पार्षदों को बताया कि मलिन बस्ती क्षेत्र में जिन परिवारों पर रेलवे का मुकदमा दर्ज है, उस पर मामला उच्च न्यायालय में चल रहा है।
उन्होंने इस संबंध में पार्षदों से मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला से वार्ता करने को कहा। बैठक में इंदिरानगर वार्ड 31 के पार्षद शकील अंसारी, तौफीक अहमद, इस्लाम मिकरानी, लईक कुरैशी, मो. गुफरान, कम्मो रानी, रईस अहमद, गुड्डू वारसी आदि पार्षद मौजूद रहे।
