रायबरेली: कार को टक्कर मारने के बाद पलटी पिकअप ,महिला की मौत, शिक्षक गंभीर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, रायबरेली। हैदरगढ़ महाराजगंज मार्ग पर पाली गांव के पास एक शिक्षक के कार को टक्कर मारने के बाद पिकअप सड़क पर पैदल जा रही महिला के ऊपर पलट गई। जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई है ।जबकि कार सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा गुरुवार की सुबह करीब 9बजे हुआ है। महराजगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बेलवा में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार अवस्थी गुरुवार की सुबह अपनी कार से विद्यालय जा रहे थे। हैदर गढ़ महाराजगंज मार्ग पर पाली गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी कार को टक्कर मार दिया। टक्कर मारने के बाद पिकप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पैदल जा रही पाली गांव की महिला बुधना ( 45 वर्ष) पत्नी मैकू  के ऊपर पलट गई। पिकअप के पलटने से महिला की दबकर मौके पर मौत हो गई है। जबकि कार सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया है। आसपास के लोगों ने घायल शिक्षक को सीएससी पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। 

बताया जाता है कि जिला अस्पताल में शिक्षक की गंभीर दशा बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई है। शिक्षक को गंभीर चोटें लगी हैं ।पिकअप को कब्जे में लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

संबंधित समाचार