खटीमा: चकरपुर गेट चौकी पर हाथी ने मचाया तांडव, चाहरदीवारी तोड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। किलपुरा वन रेंज में हाथियों के झुंडों का आतंक बरकरार है। हाथी अब वन चौकियों को भी निशाना बना रहे हैं। इससे वन कर्मियों में भी दहशत है। बुधवार रात को चकरपुर से सटे किलपुरा रेंज के चकरपुर गेट की वन चौकी तोड़ दी है।

इससे तैनात कर्मियों में दहशत फैल गई। रेंजर जीवन चंद्र उप्रेती ने बताया कि हाथियों के तीन बड़े झुंड व एक अकेले हाथी के विचरण से यह स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने रेंज से सटे गांवों के ग्रामीणों को सर्तक रहने को कहा है। 
 

बता दें कि किलपुरा रेंज में हाथियों के झुंडों के विचरण से इन दिनों वन कर्मी अलर्ट मोड पर हैं। हाथी झुंड व एक हाथी के हमलावर होने से रेंज के अंदर नर्सरी समेत वन विभाग की झोपड़ियों को तबाह किया जा चुका है। रेंज में हाथी के हमले के दो मामलों में पांच लोग घायल हो चुके हैं। वन कर्मियों ने बताया कि बुधवार की रात रेंज की चकरपुर चौकी में कर्मी पदम  सिंह व परमेश्वरी राणा तैनात थे। रात करीब 10 बजे हाथियों ने चौकी की चाहरदीवारी को तोड़ दी। एक हाथी अंदर घुस आया, दीवार तोड़ने की आवाज आते ही चौकी में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही खटीमा रेंज की चकरपुर चौकी के कर्मी प्रवेश राणा, नरेंद्र पांडेय, सुभाष चंद, प्रहलाद सिंह राणा, नवीन चंद, टेक चंद मौके पर पहुंचे। अंदर घुसे हाथी को बमुश्किल शोर मचाकर भगाया। रेंजर ने बताया कि एक झुंड में 45 व दूसरे में 12-13 व तीसरे झुंड में 2-3 व चौथे एक अकेला हाथी विचरण कर रहा है। हाथियों पर नजर रखने को कड़ी मशक्कत करना पड़ रही है।

चकरपुर गेट की चौकी में तीन-चार हाथियों ने धावा बोला है। उन्होंने बताया कि रेंज के अंदर की नर्सरी को हाथी तबाह कर रहे हैं। रेंज से सटे गांवों के ग्रामीणों को जंगल में अधिक अंदर जाने से बचने व अलर्ट रहने पर जोर दिया है।

संबंधित समाचार