हल्द्वानी: पिथौरागढ़ भेजा छेड़छाड़ का आरोपी पुलिस कर्मी जरीफ
हल्द्वानी, अमृत विचार। छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में केस दर्ज करने के बाद नैनीताल पुलिस ने आरोपी पुलिस कर्मी जरीफ पर बड़ी कार्रवाई की है। नैनीताल पुलिस की सिफारिश पर आरोपी को पिथौरागढ़ भेज दिया गया है। अपनी कारगुजारियों से महकमे में सुर्खियां बटोर रहे जरीफ को लेकर चर्चा है कि विभाग में उसका एक आका है, जो उसकी गलतियों पर लगातार पर्दा डालने का काम कर रहा है।
बता दें कि आरोपी जरीफ वारदात के वक्त नैनीताल पुलिस लाइन में तैनात था और यहां भी उसे दंडात्मक कार्रवाई के तौर पर भेजा गया था। जरीफ पर एक विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा ने आरोप लगाया था कि बस में एक वर्दी वाले (जरीफ) ने उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने मदद के लिए अपने एक दोस्त को फोन किया और बस रुकने पर जब दोस्त ने बदसलूकी के बारे में पूछा तो वह भाग खड़ा हुआ।
उसे भीड़ ने पकड़ने की कोशिश की लेकिन जरीफ हाथ नहीं आया। जिसके बाद छात्रा ने मुखानी थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। एसएसपी पंकज भट्ट ने केस दर्ज होते ही आरोपी को सस्पेंड कर किया। साथ ही डीआईजी ने एसएपी की संस्तुति पर जरीफ का पिथौरागढ़ तबादला कर दिया।
खास बात यह है कि जरीफ ने एक पुलिस वाला होते हुए भी पहली बार कानून नहीं तोड़ा। बल्कि पूर्व में जरीफ ने आरआई से बदसलूकी की थी और उसे पिथौरागढ़ भेज दिया गया था, लेकिन वह ज्यादा दिन पिथौरागढ़ में नहीं टिका। बल्कि जुगाड़ लगाकर फिर नैनीताल आ गया। इसके बाद जरीफ ने हेड मोहर्रिर से बदसलूकी की और उसे दंड के रूप में चमोली भेज दिया गया, लेकिन वह चमोली भी ज्यादा वक्त तक नहीं रहा और एक बार फिर जुगाड़ की डोर पकड़ कर नैनीताल तबादला करा लिया।
अब महकमे में इस बात की चर्चा है कि जरीफ महकमे के ही एक बड़े अफसर का करीबी है। यही अफसर न सिर्फ जरीफ की कारगुजारियों पर पर्दा डालता है, बल्कि उसे मनचाही पोस्टिंग भी दिलाता है। अब एक फिर अपनी करतूतों की वजह से जरीफ का पिथौरागढ़ तबादला हो गया है और इस बार उस पर गंभीर धाराओं में केस भी दर्ज है।
