बाजपुर: ऑनलाइन डिलीवरी से जुड़े युवाओं ने दिया ज्ञापन
बाजपुर, अमृत विचार। हॉकर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी व गिग वर्कर्स एसोसिएशन से जुड़े ऑनलाइन डिलीवरी बॉय ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन का रुख अपना लिया है। जिसके चलते उपजिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देकर समस्याओं के निराकरण का अनुरोध किया है।
शुक्रवार को दर्जनों ही संख्या में डिलीवरी बॉय एकत्रित होकर एसडीएम दफ्तर पहुंचे और उपजिलाधिकारी की गैर मौजूदगी में कार्यालय बाबू को ज्ञापन सौंपा गया। उनका कहना था कि कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन के मुश्किल भरे दौर में लाखों लोगों की नौकरी चली गई।
लॉकडाउन के दौरान हजारों ऑनलाइन डिलीवरी कर्मचारियों ने मानवीय कार्य किया, लेकिन उन्हें कभी भी उनका उचित श्रेय व वेतन नहीं मिला है। उन्हें न तो कर्मचारी का दर्जा मिला है और ना ही ईपीएफ व ईएसआईसी जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जबकि वह लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं। लाखों युवा महिला-पुरुष नामी-गिरामी कंपनियों व अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़कर फ्रीलांस काम कर रहे हैं।
उन्होंने समस्याओं का समाधान करवाने में उनकी मदद करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में खेमकरन, रवि कुमार, विपिन, करन, योगेश, राजकिशोर सिंह, सुनील, सूरज, प्रदीप, राजीव, विकास, विशाल, राज, सोनू आदि शामिल थे।
