देहरादून: पिथौरागढ़ से फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट सेवा की केंद्र से स्वीकृति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट कर उत्तराखंड में हवाई सेवाओं को मजबूती देने पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने अनुरोध किया कि चिन्यालीसौड़ व गौचर से छोटे एयरक्राफ्ट की सेवाओं की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गौचर व चिन्यालीसौड़ के लिए हवाई सेवा जल्द शुरू की जाएंगी।

उड़ान योजना के अगले टेंडर में सर्वे होने के उपरांत गौचर व चिन्यालीसौड़ की हवाई सेवा शामिल की जाएंगी। केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि पिथौरागढ़ से फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट सेवाएं शुरू करने के लिए संबंधित एयरलाइन को कार्य आदेश जारी कर दिया गया है। 

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से पिथौरागढ़ में पवनहंस को निर्बाध और समयबद्ध तरीके से सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित करने का अनुरोध किया। साथ ही उत्तराखंड में एयर कनेक्टिविटी को मजबूती प्रदान करने के लिए केंद्र से मिल रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार जताया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मुख्यमंत्री धामी को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में एयर कनेक्टिविटी के सभी प्रस्तावों को जल्द से जल्द क्रियान्वित किया जाएगा।

पंतनगर, जौलीग्रांट के संबंध में भी चर्चा
मुख्यमंत्री ने इस दौरान चर्चा में कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के तौर पर विकसित करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा अपनी सर्वे रिपोर्ट दिसंबर माह में देनी है। मुख्यमंत्री ने पंतनगर एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन के संबंध में जल्द निर्णय लिये जाने का केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया। इसके अलावा जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने एवं विस्तारीकरण के लिए जरूरी भूमि का फिजिबिलिटी सर्वे, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा किया जाना है। मुख्यमंत्री ने इसे भी जल्द करने का आग्रह किया।

संबंधित समाचार