अमृत विचार प्रभाव : अब कार्यालय में रहेगी महिला सिपाही, जानें पूरा मामला
ड्यूटी के दौरान वायरल हुई थी बच्चे के साथ सिपाही की तस्वीर, अमृत विचार द्वारा उठाए गए सवाल का एसएसपी ने लिया संज्ञान
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइन थाना की महिला आरक्षी मधु चौधरी को कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। बच्चे के साथ महिला सिपाही का फोटो वायरल होने के बाद एसएसपी ने प्रकरण का संज्ञान लिया। बच्चे के स्वास्थ्य के मद्देनजर एसएसपी ने बीट आरक्षी को सिविल लाइन थाने के ऑफिस में तैनात करने का आदेश दे दिया।
बता दें कि 25 नवंबर के अंक में अमृत विचार ने शहर के पीलीकोठी चौराहे पर तैनात महिला आरक्षी मधु चौधरी के दर्द को महसूस किया। करीब 6 माह के बच्चे को गोद में लेकर गुरुवार को वह पीलीकोठी चौराहा पर ड्यूटी कर रही थी। वाहनों के शोर व धूल-धक्कड़ के बीच महिला सिपाही बच्चे के साथ अपने दायित्व का निर्वाह कर रही थी। प्रतिकूल माहौल में भी बच्चे के साथ ड्यूटी कर रही महिला सिपाही के जज्बे को अमृत विचार ने प्रमुखता के साथ उकेरा। दूसरे ही दिन शुक्रवार को मर्मस्पर्शी यह घटना सोशल मीडिया की सुर्खियां बन गई। एसएसपी हेमराज मीना ने प्रकरण का संज्ञान लिया। बच्चे के स्वास्थ्य के मद्देनजर उन्होंने मातहतों को तत्काल महिला सिपाही को बीट से हटा कर थाना ऑफिस से अटैच करने का आदेश दिया। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला सिपाही फिलहाल ऑफिस में अपने दायित्वों का निर्वाह कर रही है।
आरक्षी सोनिया को किया था प्ले स्कूल में तैनात
तीन मई को सिविल लाइंस थाने में तैनात महिला आरक्षी सोनिया एक साल के बेटे के साथ पीलीकोठी चौराहे पर ड्यूटी कर रही थी। तत्कालीन एसएसपी ने यह देख बच्चे की सुरक्षा और उचित देखभाल के लिए आरक्षी सोनिया की इच्छा पर उसे वामा सारथी परियोजना के तहत पुलिस लाइन में संचालित प्ले स्कूल में तैनात कर दिया था।
ये भी पढ़ें : रामपुर में उप चुनाव, मुरादाबाद में हलचल...आजम खां की प्रतिष्ठा दांव पर
