मुरादाबाद : जलाशयों को सुंदर बनाने-दिखाने में जुटे जिम्मेदार, प्रति अमृत सरोवर पर खर्च होंगे 50 लाख रुपये

अमृत सरोवर योजना : शासन की प्राथमिकता में शामिल चार अमृत सरोवर का निर्माण दिसंबर में हो जाएगा पूरा 

मुरादाबाद : जलाशयों को सुंदर बनाने-दिखाने में जुटे जिम्मेदार, प्रति अमृत सरोवर पर खर्च होंगे 50 लाख रुपये

ग्राम पंचायत पल्लूपुरा घोसी में बनाया जा रहा अमृत सरोवर ।

मुरादाबाद, अमृत विचार। अमृत सरोवर योजना मूर्तरूप ले रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो वसंत ऋतु तक चार अमृत सरोवर वसंत उपवन के वजूद में होंगे, जिसकी कल्पना शासन ने की है। इसको साकार करने में अधिकारी जुटे हैं। दो माह के भीतर हरे भरे व जल से संतृप्त सरोवर हमारे बीच होंगे। जिले में 72 सरोवरों के किनारे मिट्टी भरने का काम पूरा हो गया है।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना अमृत सरोवर में नए तालाबों को बनाने, गहरीकरण और सुंदरीकरण का काम तेजी से चल रहा है। वर्षा जल के संरक्षण और भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। सात मई को जिले के सभी विकास खंडों में आजादी के अमृत महोत्सव पर मनरेगा योजना के तहत 301 तालाबों का एक ही दिन में आरंभ कराया गया। इनमें से पहले चरण में 76 तालाबों को अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य था। पांच एकड़ भूमि पर बनने वाले प्रति सरोवर पर 50 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। जिले में 72 सरोवरों का कच्चा कार्य पूरा हो गया है। जबकि 20 पर मजूदर काम कर रहे हैं।   

पिकनिक स्पाट के रूप में होगा विकसित  
अमृत सरोवर पिकनिक स्पाट के रूप में विकसित होने हैं।  तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इनमें वर्षा जल संरक्षण होगा। तालाब किनारे सोलर लाइटें लगेंगी, ड्रेनेज सिस्टम बनाने के साथ पौधारोपण भी कराएंगे। तालाब किनारे टहलने की सुविधा रहेगी।  

जनप्रतिनिधि करेंगे निरीक्षण 
निर्माण कार्य की प्रगति जानने के लिए दिसंबर में जनप्रतिनिधि भी अमृत सरोवरों का निरीक्षण करेंगे। 19 नवंबर को सांसद डॉ एसटी हसन की अध्यक्षता में दिशा की बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया था। इस पर परियोजना निदेशक ने दिसंबर के पहले सप्ताह में मूंढापांडे में भदासना का निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया था।

72 अमृत सरोवरों की खोदाई का काम पूरा हो गया है। अब पंचायत राज विभाग के साथ मिलकर पक्के काम कराए जा रहे हैं। उम्मीद है कि सभी सरोवर मार्च से पहले बनकर तैयार हो जाएंगे।  -सतीश प्रसाद मिश्र, परियोजना निदेशक, डीआरडीए

ब्लाकवार अमृत सरोवर की संख्या

  • मुरादाबाद -  4
  • मूंढापांडे  -  5
  • भगतपुर टांडा   - 11
  • डिलारी   - 11
  • बिलारी   - 14
  • ठाकुरद्वारा   - 10
  • छजलैट   - 10
  • डींगरपुर -   11

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद  : आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों को पढ़ाएंगी प्रेरक कहानियां