खटीमा: परीक्षा व परीक्षा आवेदन फार्म भरने की तिथि बढ़ाने की मांग मुखर
खटीमा, अमृत विचार। डिग्री कालेज के छात्र नेता व छात्र कुमायूं विवि प्रशासन से बीए, बीएससी, बीकाम प्रथम वर्ष में परीक्षा तिथि व परीक्षा आवेदन फार्म भरने की तिथि भी बढ़ाने की मांग को लेकर मुखर हो गए हैं। छात्र नेता नीरज धामी के नेतृत्व में छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कुमायूं विवि को संबोधित ज्ञापन प्राचार्य डॉ. आरसी पुरोहित को सौंपकर तिथि बढ़ाने की मांग उठाई।
मंगलवार को छात्र नेता धामी, प्रमोद गड़कोटी आदि के साथ अनेक छात्र डिग्री कालेज में प्राचार्य डॉ. पुरोहित से मिले। उन्होंने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर कहा कि बीए, बीएससी, बीकाम प्रथम वर्ष के परीक्षा आवेदन फार्म भरने की तिथि समाप्त हो गई। तीन दिन का अवकाश होने की वजह से कई छात्रों का प्रवेश सुनिश्चित नहीं हो पाया है। जिसके कारण बहुत से विद्यार्थी परीक्षा आवेदन फार्म नहीं भर पाए हैं।
कुमायूं विवि द्वारा परीक्षा तिथि भी घोषित कर दी गई है। विद्यार्थी अभी परीक्षा देने के लिए पूर्ण रूप से तैयार नहीं हैं। ज्ञापन में विवि प्रशासन से परीक्षा तिथि व परीक्षा आवेदन फार्म भरने की तिथि बढ़ाने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में रोहित जोशी, शुभम पटवा, गोविंद, गुरमेल, विशाल सामंत, सीमा, काजल बुंगला आदि शामिल रहे।
