खतौली में जबरदस्त फॉर्म में दिखे सीएम योगी, बोले- धर्म और सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
सपा ने कराया कवाल में बवाल
खतौली /मुजफ्फरनगर, अमृत विचार। अब से कुछ देर पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने यहां एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। सीएम यहां जबरदस्त फॉर्म में दिखे। उन्होंने पूर्व की समाजवादी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कवाल का बवाल सपा की देन है। उन्होंने कहा हमारी डबल इंजन की सरकार धर्म और सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करती है। सीएम ने खतौली में पूर्व विधायक विक्रम सैनी की पत्नी और बीजेपी प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के पक्ष में मतदान करने की पुरजोर अपील की। उन्होंने ने कहा यहां कांधला और कैराना में अपराधियों का बोलबाला था ,लोग पलायन को मजबूर होते थे। यहां गुंडे व्यापारियों को धमकाकर वसूली करते थे। सीएम योगी ने कहा हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को नजीर बना दिया है।
सीएम योगी ने कहा खतौली की जमीन वीरों की है। इस धरती को गंग नहर के जरिये मां गंगा का आशीर्वाद मिला है। सीएम योगी यहां ही नहीं रुके ,उन्होंने राष्ट्रिय लोकदल को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब मुजफ्फरनगर में दंगे हो रहे थे तब ये लोकदल के लोग कहाँ थे। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकदल ने चौधरी चरण सिंह का अपमान करने का काम किया है। उन्होंने कहा डबल इंजन की सरकार विकास का काम करती है। ये जाति ,धर्म और मजहब से बंधी नहीं है। उन्होंने कहा पीएम मोदी के आशीर्वाद से यूपी में विकास का हर संभव काम हो रहा है।
बीते विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने यहां मौजूद लोगों से कहा कि आपने हमे मौका दिया और हमने सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिये बहुत काम किया। अभी ये काम अधूरा है। आप हमे फिर मौका देंगे तो जिला दोगुनी रफ़्तार से विकास पथ पर चलेगा। सीएम योगी ने कहा विकास और सरकार के काम में अड़ंगा लगाने वालों को हमारा बुलडोजर देख लेगा। सीएम ने सभा में मौजूद महिलाओं से राजकुमारी सैनी के पक्ष में घर-घर जाकर मतदान करवाने का प्रचार करने की भी अपील की।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: छात्रों का टूर लेकर आए शिक्षक रंगमहल बैरियर के पास हुए बेहोश, तोड़ा दम
