FIFA World Cup Qatar 2022 : कल होगी स्पेन-जापान की भिड़ंत, दोनों टीमों की नजरें नॉकआउट पर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जर्मनी के खिलाफ 83वें मिनट में गोल खाने के बाद ड्रॉ को मजबूर स्पेन की टीम अगर हार जाती है और कोस्टा रिका भी जर्मनी को हरा देता है तो उसका सफर भी टूर्नामेंट में थम जाएगा

दोहा। जर्मनी के खिलाफ अंतिम लम्हों में गोल गंवाने के कारण जीत से चूकी स्पेन की टीम गुरुवार को यहां जापान के खिलाफ फुटबॉल विश्व कप नॉकआउट में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से उतरेगी। स्पेन की टीम अगर मुकाबला ड्रॉ भी करा लेती है जो नॉकआउट में जगह सुनिश्चित कर लेगी। टीम के पास हारने की स्थिति में भी अंतिम 16 में जगह बनाने का मौका होगा, लेकिन इसके लिए उसे जर्मनी और कोस्टा रिका के बीच होने वाले ग्रुप ई के एक अन्य मैच का नतीजा अपने पक्ष में होने की उम्मीद करनी होगी।

जापान की राह भी आसान नहीं है। टीम अगर जीत दर्ज करती है तो लगातार दूसरी बार नॉकआउट में उसकी जगह पक्की हो जाएगी। यह पहली बार होगा जब जापान की टीम लगातार दो टूर्नामेंट के नॉकआउट में जगह बनाएगी। जापान की टीम हालांकि अगर हार जाती है तो टूर्नामेंट में उसका सफर यहीं समाप्त हो जाएगा। जापान ने अपने अभियान की शुरुआत चार बार के चैंपियन जर्मनी के खिलाफ हैरानी भरी जीत के साथ ही लेकिन अगले मैच में उसे कोस्टा रिका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। रूस में टीम को प्री क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

जर्मनी के खिलाफ 83वें मिनट में गोल खाने के बाद ड्रॉ को मजबूर स्पेन की टीम अगर हार जाती है और कोस्टा रिका भी जर्मनी को हरा देता है तो उसका सफर भी टूर्नामेंट में थम जाएगा। स्पेन की हार पर जर्मनी की टीम भी हालांकि बड़ी जीत दर्ज करके उसे बाहर कर सकती है लेकिन गोल अंतर में उसे पछाड़ना आसान नहीं होगा क्योंकि उसने पहले मैच में कोस्टा रिका को 7-0 से हराया था।

स्पेन की टीम हालांकि अगर खलीफा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में जीत दर्ज करती है तो ग्रुप में उसका शीर्ष स्थान तय हो जाएगा और क्वार्टर फाइनल में उसकी भिड़ंत पांच बार के चैंपियन ब्राजील से हो सकती है। अंतिम ग्रुप मैच से पहले स्पेन की टीम चार अंक के साथ अभी शीर्ष पर चल रही है। उसके बाद जापान और कोस्टा रिका का नंबर आता है जिन दोनों के तीन-तीन अंक हैं। जर्मनी एक अंक के साथ अंतिम स्थान पर चल रहा है।


क्रोएशिया बनाम बेल्जियम मुकाबले में अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका अहम 
इधर, बेल्जियम और क्रोएशिया की टीम फुटबॉल विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबले में गुरुवार को जब आमने-सामने होंगी तो नजरें दोनों टीम के अनुभवी खिलाड़ियों पर टिकी होंगी और इस मैच में युवा खिलाड़ियों को अधिक मौके देने की गुंजाइश नहीं होगी। चार साल पहले फाइनल में पहुंचने वाला क्रोएशिया और 2018 में तीसरे स्थान पर रहा बेल्जियम दोनों अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर काफी निर्भर करते हैं। क्रोएशिया के 20 साल के जोस्को ग्वारडियोल और 25 साल के निकोला व्लासिच तथा बेल्जियम के 21 साल के चार्ल्स डि केटेलेयर इसके अपवाद हैं। बेल्जियम के 21 साल के मिडफील्डर अमादू ओनाना दो पीले कार्ड मिलने के कारण निलंबित हैं और इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। 

क्रोएशिया को फिजिकल ग्वार्डियोल से काफी उम्मीद होंगी जो टीम में सेंटर बैक के रूप में खेलते हैं। ऊंची कूद के पूर्व विश्व चैंपयिन ब्लांका व्लासिच के छोटे भाई निकोला आम तौर पर अटैकिंग मिडफील्डर के रूप में खेलते हैं। क्रोएशिया की टीम हालांकि मिडफील्ड में लुका मोड्रिक, मार्सेलो ब्रोजोविच और माटियो कोवासिच पर अधिक निर्भर है और ऐसे में व्लासिच का इस्तेमाल विंगर के रूप में हो रहा है। क्रोएशिया ने अपना पहला मुकाबला मोरक्को से गोल रहित ड्रॉ खेल और अगले मैच में कनाडा को 4-1 से हराया।

बेल्जियम की टीम भी अनुभवी स्ट्राइकरों एडेन हेजार्ड, केविड डि ब्रून और रोमेलू लुकाकू पर काफी निर्भर करती है। क्रोएशिया की टीम जीत या ड्रॉ के साथ अंतिम 16 में जगह बना सकती है जबकि बेल्जियम को नॉकआउट में जगह सुनिश्चित करने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। क्रोएशिया और मोरक्को ग्रुप एफ में चार-चार अंक के साथ पहले दो स्थान पर है। बेल्जियम के तीन अंक हैं जबकि कनाडा की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है जिसने अभी खाता भी नहीं खोला है। अगर कनाडा मोरक्को हरा देता है तो संभावना है कि क्रोएशिया और बेल्जियम दोनों नॉकआउट में पहुंच जाएं। 

ये भी पढ़ें :  ICC ODI Ranking : वनडे रैंकिंग में विराट कोहली और रोहित शर्मा को झटका, श्रेयस अय्यर-शुभमन गिल ने लगाई छलांग...देखें लिस्ट

संबंधित समाचार