बरेली: अधिक खाद खरीदने वाले टाप-20 किसानों की होगी जांच, गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई
किसानों को उर्वरक बेचने वाले विक्रेता भी जांच के दायरे में
बरेली, अमृत विचार। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए शासन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विभाग द्वारा ऐसे टाप-20 किसानों की सूची तैयार की जाएगी जिन्होंने नवंबर में सबसे अधिक खाद खरीदी है। इन किसानों को अधिक उर्वरक देने वाले केंद्रों की भी जांच की जाएगी। जांच में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: मुख्यमंत्री के आने से पहले प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा, व्यवस्थाओं को लेकर हुई बैठक
इन दिनों जनपद में रबी फसल की बुवाई चल रही है। खाद बिक्री के दौरान बीते दिनों कालाबाजारी के भी जमकर आरोप लगे। जिसकी शिकायतें शासन तक पहुंचीं। जिसके बाद बिक्री केंद्रों पर जाकर भी कृषि विभाग ने छापेमारी भी की। गड़बड़ी मिलने कई विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए। साथ ही केंद्रों पर खाद की बिक्री को भी रोक दिया गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों की माने तो शासन से ऐसे किसानों की लिस्ट तैयार करने के आदेश मिले हैं जिन्होंने नवंबर में ज्यादा मात्रा में डीएपी व यूरिया खरीदी है। सबसे ज्यादा खाद खरीदने वाले 20 किसानों को लिस्टेड करने के बाद इस बात की जांच की जाएगी कि इन्होंने जरूरत के मुताबिक खाद खरीदी है या नहीं।
किसान द्वारा कितनी जमीन पर खेती की जा रही है। अगर खेती से ज्यादा खाद खरीदी गई है तो किसान को संदिग्ध माना जाएगा। इस बात की जांच की जाएगी कि कहीं खाद की कालाबाजारी तो नहीं की गई है। जांच में दोषी पाए जाने वाले किसान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सबसे महत्वपूर्ण यह होगा कि खाद खरीदने वाला दरअसल किसान है भी या नहीं। किसान द्वारा जिस विक्रेता से खाद खरीदी गई है उस विक्रेता को भी जांच के दायरे में शामिल किया जाएगा।
संदिग्ध मिलने पर क्रेता व विक्रेता दोनों पर कृषि विभाग कार्रवाई करेगा। जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि शासन से टाप 20 ऐसे किसानों की सूची तैयार करने के निर्देश मिले हैं जिन्होंने नवंबर महीने में सबसे ज्यादा खाद खरीदी है। जांच का मकसद यही है कि जिन किसानों ने खाद खरीदी क्या वे असल में किसान हैं। या फिर जितनी खाद उन्होंने खरीदी ही उसकी उन्हें जरूरत है भी या नहीं।
ये भी पढ़ें- बरेली: एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय कराएगा 47वां एथलेटिक्स मीट, 1 दिसंबर से होगा आगाज
