बाजपुर: घर से ढाई सौ लीटर कच्ची शराब बरामद, आरोपी फरार
बाजपुर, अमृत विचार। ग्राम धूरिया हरसान में एक घर पर छापेमारी कर पुलिस ने तीन ड्रमों से 250 लीटर कच्ची शराब बरामद की है, जबकि पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। तीनों ड्रम घर के आंगन में गड्ढा खोदकर छिपा रखे थे।
एसएसआई विक्रम सिंह धामी ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत बरहैनी चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह बिष्ट की अगुवाई में गठित पुलिस टीम को मुखबिर खास ने सूचना दी कि ग्राम हरसान निवासी जसविंदर सिंह पुत्र जग्गा ने अपने घर के आंगन में गड्ढे खोद कर उनके अंदर तीन ड्रमों में काफी मात्रा में अवैध कच्ची शराब को छिपाकर रखी है। सूचना पर टीम ने आरोपी के घर दबिश दे दी, आरोपित पुलिस को आता देख फरार हो गया। पुलिस ने घर के आंगन में गड्ढा खोदकर छिपाई गई तीन ड्रमों में रखी 250 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार मौके पर जसविंदर सिंह की पत्नी अमनदीप कौर मौजूद मिली। पूछताछ में पता चला कि आरोपी महोली जंगल से कच्ची शराब निकालकर अपने घर पर छिपाता है और यहीं से क्षेत्र में सप्लाई करता है। पुलिस ने तीनों ड्रमों को कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
