रानीखेत: वन विभाग ने आदमखोर गुलदार को मारने के दिए आदेश
रानीखेत, अमृत विचार। तहसील के सुदूरवर्ती ग्राम दैना में वृद्ध को मौत के घाट उतारने वाले गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया गया है। प्रभागीय वन अधिकारी महतिम यादव ने बताया कि गुलदार को आदमखोर घोषित करने संबंधी पत्र साक्ष्यों सहित मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को भेजा था।
वन जीव प्रतिपालक की तरफ से गुलदार को आदमखोर घोषित करते हुए मारने की अनुमति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही गुलदार को मारने के लिए शिकारी को बुला लिया गया है। शुक्रवार को शिकारी दैना गांव पहुंच जाएंगे।
वहीं, वृद्ध को मौत के घाट उतारने वाला गुलदार अब तक पकड़ में नहीं आ सका है । जिसको लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है। जिसके चलते ग्रामीणों ने अपने बच्चों को स्कूल भी नहीं भेजा। इधर, वन विभाग की तरफ से गांव के पास लगाए गए पिजड़े में गुलदार कैद नहीं हो पाया। गांव के आसपास वन विभाग में कैमरा ट्रैप भी लगा दिए हैं। साथ ही वन विभाग की टीम लगातार गांव के आसपास गश्त कर रही है। बीडीसी सदस्य दीपक साह ने बताया कि आदमखोर हो चुके गुलदार को जल्दी मारा जाना बेहद जरूरी है। वरना आदमखोर बड़ा खतरा हो सकता है।
धौलादेवी ब्लॉक में तेंदुए का आतंक
धौलादेवी ब्लॉक के अनेक गांवों में पिछले कई दिनों से तेंदुए का आतंक बन हुआ है। पालतू जानवरों के साथ ही तेंदुआ अब ग्रामीणों पर भी हमला करने लगा है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से उन्हें शीघ्र तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। बीते दिनों ब्लॉक के ग्राम पंचात सिंधिया में घर के आंगन में बैठी नंदी देवी पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। जबकि क्वैराली गांव में तेंदुआ एक नौ वर्षीय मासूम को उठा ले गया और उसे मौत के घाट उतार दिया। तेंदुए के बढ़ते आतंक के कारण अब इस विकास खंड के लोग डरे सहमे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।
