अल्मोड़ा: भैंसियाछाना ब्लॉक के जमराड़ी में बारात की कार खाई में गिरी, चार की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग से वापस लौट रही एक बारात में शामिल एक कार शनिवार की सुबह भैंसियाछाना ब्लॉक के बखरिया जमराड़ी बैंड के पास अनियंत्रित होकर दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार बारातियों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार तीन अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। 
 

शनिवार को बागेश्वर जिले के मटेला, काफलीगैर से एक बारात पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग से लौट रही थी। बारात के वाहनों का काफिला भैंसियाछाना विकास खंड के जमरिया बैंड के पास बखरिया के पास पहुंचा था। तभी काफिले में शामिल एक फोर्ड फिएस्टा कार संख्या यूके-18-एच-6578 अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार जयंत सिंह (65) पुत्र बची सिंह, अनीता (32) पत्नी मंगल सिंह, सीमा (36) पत्नी जगदीश सिंह, समर (10) पुत्र मंगल सिंह निवासी ग्राम मटेला, काफलीगैर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार चालक मंगल सिंह (34) पुत्र जयंत सिंह, अक्षिता (07) पुत्री मंगल सिंह, योगिता (08) पुत्री जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलने के बाद स्थानीय लोग और कुछ बाराती मदद को दौड़े।

आनन-फानन में प्रशासन को भी हादसे की खबर दी गई। जिसके बाद दन्या थाने के पुलिस कर्मी, एसडीआरएफ की टीम और फायर बिग्रेड समेत प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया गया। शवों को बॉडी बैग की मदद से सड़क पर लाया गया। जबकि घायलों को एंबुलेंस की मदद से धौलछीना सीएचसी और बेस अस्पताल अल्मोड़ा भेजा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सीओ विमल कुमार, एसडीएम सदर गोपाल सिंह चौहान, थानाध्यक्ष दन्या सुशील कुमार समेत राजस्व व रेगुलर पुलिस के जवान मौजूद रहे। 

संबंधित समाचार