हल्द्वानी: पेट्रोल पंप मालिक को दी गाली और बोला जान से मार दूंगा...
हल्द्वानी, अमृत विचार। एक युवक ने पेट्रोल पंप मालिक से गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पहले भी पेट्रोल पंप में घुसकर कर्मी से मारपीट कर चुका है। पेट्रोल पंप मालिक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रामपुर रोड मानपुर उत्तर में पेट्रोल पंप चलाने वाले सरिल गोयल ने पुलिस को बताया कि बीती रात नरेन्द्र सिंह सतवाल उर्फ निक्की कार संख्या यूके 04एबी 0778 में सवार होकर अपने चार-पांच साथियों के साथ उसके पंप पर आ धमका और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने जान से मारने तथा पंप की मशीनें तोड़ने की धमकी भी दी। नरेंद्र पूर्व में भी पंप को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जलती हुई सिगरेट लेकर पंप पर आ चुका है। तब उसने पंप कर्मी को बुरी तरह पीट दिया था। पंप मालिक ने आरोपियों से जानमाल का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने के दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
