काशीपुर: महल सिंह हत्याकांड के वादी को मिली जान से मारने की धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। महल सिंह हत्याकांड में मृतक के भतीजे कर्मपाल को जान से मारने की धमकी मिली है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस ने तहरीर अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ग्राम जुड़का निवासी कर्मपाल सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने चाचा महल सिंह हत्याकांड का वादी हैं। हत्याकांड के एक आरोपी प्रभजोत उर्फ जीके को पुलिस ने जेल भेज दिया था। जिसकी कोर्ट से जमानत होनी है। कहा कि 3 दिसंबर की शाम को वह अपने खेत में गया था। जहां हत्याकांड के आरोपी प्रभजोत के पिता हरजाप सिंह मिल गए।

उन्होंने उसे धमकी देते हुए कहा कि तुम मेरे बेटे की जमानत रोकने की कार्रवाई कर रहे हो। अगर उसने उसमें कोई अड़चन डाली तो उसके संबंध हरजीत उर्फ काला व उसके बेटे तनवीर से हैं। वह उसको जान से मरवा देगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।  कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार