हल्द्वानी: पहले जताया अपनापन, फिर शादी का झांसा देकर कई बार किया दुष्कर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार।  पति की मौत के बाद दो बच्चों की मां की एक युवक के संपर्क में आ गई। युवक ने महिला को शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। ऐसा वह दो साल तक करता करता और जब महिला ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे बुरी तरह पीट डाला। मामले में महिला की तहरीर पर मुखानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 
 

पुलिस को दी तहरीर में महिला ने कहा कि वर्ष 2019 में उसके पति की मृत्यु हो गई थी। उसके दो बच्चे थे और वह भावनात्मक रूप से काफी कमजोर हो गई थी। इसी बीच मूलरूप से गंगोलीगाड़ ओखलकांडा निवासी हर्षित नगरकोटी पुत्र नारायण सिंह नगरकोटी फेसबुक के जरिये महिला के संपर्क में आया। आरोपी यहां कुसुमखेड़ा में किराए पर रहता था। वर्ष 2020 में महिला को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए हल्द्वानी में अपने एक रिश्तेदार के घर आना था।

हर्षित को इसकी जानकारी थी। हर्षित ने महिला को फोन किया और मिलने के लिए बाजार बुलाया। महिला बाजार पहुंच गई। जहां से हर्षित उसे अपने साथ किराए के कमरे में यह कहकर ले गया कि उसे अपने परिवारवालों से मिलाना है, लेकिन जब महिला घर पहुंची तो वहां कोई नहीं था। इस पर महिला ने हर्षित से उसे उसके रिश्तेदार के घर छोड़ने के लिए कहा, लेकिन हर्षित ने कुछ देर रुकने की जिद्द की। यहां हर्षित ने महिला से जबरन शारीरिक संबंध बनाए और जब महिला ने पुलिस और परिवार को बताने की धमकी दी तो हर्षित ने कहाकि वह उससे शादी करेगा।

महिला हर्षित के झांसे में आ गई। कुछ समय बाद हर्षित ने महिला को उसके दो बच्चों के साथ हल्द्वानी बुला लिया और यहां किराए पर कमरा दिलाकर साथ रहने लगा। आरोप है कि इस बीच वह लगातार महिला का कमरा बदलवाता रहा और उससे दुष्कर्म करता रहा। वह लगातार शादी के लिए टालमटोल कर रहा था और जब महिला ने दबाव बनाया तो उसे बुरी तरह पीट दिया और दोबारा शादी की बात करने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही बच्चों को भी मार डालने के लिए धमकाया। महिला की तहरीर पर मुखानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 

संबंधित समाचार