रुद्रपुर: जिला बदर का उल्लंघन कर घूम रहे आरोपी को किया गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिला बदर का उल्लंघन कर खुलेआम घूम रहे आरोपी को बाजार चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके विरुद्ध उल्लंघन करने का मुकदमा दर्ज कर दिया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध कई मुकदमे दर्ज होने पर जिला प्रशासन ने जिला बदर का आदेश दिया था।
रुद्रपुर के सुभाष कॉलोनी निवासी छोटे लाल पर कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसके चलते नौ नवंबर को जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी छोटे को जिला बदर आदेश का पालन करते हुए सीमावर्ती इलाके में जाकर छोड़ दिया था। मंगलवार को बाजार चौकी प्रभारी संदीप शर्मा को सूचना मिली कि जिला बदर का आरोपी खुलेआम शहर में घूम रहा है। चौकी प्रभारी ने बताया कि जिला बदर किए गए आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके विरुद्ध जिला बदर उल्लंघन की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
