रामनगर: रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन
रामनगर, अमृत विचार। तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर रेंज के अंतर्गत ग्राम शक्तिनगर पूछड़ी क्षेत्र में घोड़ा-बुग्गी के जरिये कोसी नदी में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है। महकमे का ध्यान डम्पर ओर ट्रेक्टर ट्रॉली पर नजर रखने का है। इनकी ओर कतई ध्यान नहीं दिया जाता।
बता दें कि काफी समय से घोड़ों के माध्यम से अवैध खनन सामग्री ढोकर माफिया लाखों रुपये कमा रहे हैं। घोड़ों से खनन चोरी के खेल से जहां सरकार को लाखों रुपये के राजस्व हानि हो रही है वहीं हल्द्वानी बाईपास पुल के अलावा नदी से सटे हनुमान व नदी किनारे बने कई मकान भी खतरे की जद में आ चुके हैं। बता दें कि अवैध खनन में महिलाएं व मासूम बच्चे भी लगे हुए हैं। बाल श्रम पर श्रम विभाग भी आंखें मूंदे बैठा है।
लोगों ने वन विभाग के कर्मचारियों पर अवैध खनन में संलिप्ता का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी अवैध खनन को रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जाती। लोगों का कहना था कि अवैध खनन के कारण कोसी नदी में गहरे गहरे गड्ढे बन चुके हैं। इससे नदी में बाढ़ आने पर मकानों को खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने शासन व प्रशासन से इस अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
वन विभाग ने किया स्टॉक जब्त
तराई पश्चमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चन्द्र आर्या ने बताया कि शक्तिनगर पूछड़ी में जिन लोगो ने स्टॉक जमा किया था उसे जब्त कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर सम्बंधित रेंजर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि उपखनिज की निकासी चोरी से करने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।
