अल्मोड़ा: जंगली सूअर ने ग्रामीण पर किया हमला, घायल
अल्मोड़ा, अमृत विचार। भतरौंजखान से लगे च्यूनी गांव निवासी एक ग्रामीण पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। हादसे में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में ग्रामीण को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भतरौंजखान लाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे रानीखेत रेफर कर दिया।
भतरौंजखान के पास च्यूनी गांव निवासी बालकृष्ण पंत (50) अपने घर से बाजार की ओर आ रहे थे। तभी गांव से महज 100 मीटर दूरी पर घात लगाकर बैठे सूअर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उनके शोर मचाने पर सुअर भाग गया। लोगों ने घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भतरौंजखान पहुंचाया।
चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रानीखेत अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक उनके शरीर पर गहरे जख्म हैं। उनके सिर पर भी काफी चोट है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है। सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश चंद्र पंत ने घायल को मुआवजा देने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में काफी समय से जंगली सूअरों का आतंक बना हुआ है। सूअर कई मवेशियों को भी मार चुके हैं। वन विभाग से शिकायत के बाद भी सूअरों के आतंक से उन्हें निजात नहीं मिल पा रही है।
