अमरोहा : बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर व्यापारी से लूटे तीन लाख रुपये, जांच में जुटी पुलिस
लूट के बाद व्यापारी से घटना की जानकारी करते सीओ
मंडी धनौरा (अमरोहा), अमृत विचार। दुकान बंद कर रहे पशु आहार व्यापारी से बाइक सवार तीन बदमाश तमंचे के बल पर तीन लाख रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने फायर भी किया, जिसमें व्यापारी बाल बाल - बच गया। मौके पर पहुंचे व्यापारियों ने घटना पर रोष जताया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की है।
घटना थाना मंडी धनौरा क्षेत्र के मंडी समिति रोड की है। यहां व्यापारी शैलेंद्र अग्रवाल की पशु आहार की दुकान है। मंगलवर शाम को वह दुकान बंद करके घर जा रहे थे। तभी बाइक सवार तीन बदमाश आए और थैला छीनने की कोशिश करने लगे। व्यापारी के थैला नहीं छोड़ने पर बदमाशों ने तमंचा दिखाया और फायर कर दिया। इसी दौरान घबराए व्यापारी से बदमाशों तीन लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया और भागने लगे।
इस बीच व्यापारी व उसके नौकर पवन ने एक बदमाश को दबोच लिया, लेकिन जैसे ही उसने तमंचा निकाला व्यापारी तथा नौकर ने उसे छोड़ दिया। मौके पर व्यापारियों व लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। व्यापारी से लूट की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर बदमाशों की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस धनौरा के सभी चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाकर बदमाशों की तलाश की गई लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
व्यापारी शैलेंद्र से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश पेशेवर नजर आ रहे हैं। चर्चा है कि बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद नौगांवा रोड की तरफ गए हैं। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पता लगाने का प्रयास कर रही है कि व्यापारी के साथ किन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है
ये भी पढ़ें : अमरोहा : पुलिस की लापरवाही, मुठभेड़ में घायल 50 हजार का इनामी बदमाश फरार
