मुरादाबाद : डग्गामार वाहनों पर अधिकारी मेहरबान, आफत में जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस के संरक्षण में रामपुर, दिल्ली, संभल, कांठ व काशीपुर मार्ग पर बेखौफ दौड़ रहे, परिवहन विभाग व यातायात पुलिस नहीं करती कार्रवाई

मुरादाबाद,अमृत विचार। परिवहन विभाग डग्गामार वाहनों के मकड़जाल को तोड़ने में फेल साबित हो रहा है। शहर में कई स्थानों से डग्गामार वाहनों का संचालन किया जा रहा है। इनकी वजह से यातायात व्यवस्था भी बिगड़ रही है। शहर में डग्गामार वाहन संचालक मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। कार्रवाई के बाद भी ऐसे वाहनों पर अंकुश लगता नहीं दिख रहा है। डग्गामार बसें व अन्य वाहन धड़ल्ले से सवारी ढो रहे हैं। इन वाहनों के संचालकों के आगे अधिकारी नतमस्तक हैं। कई बार डग्गामार वाहन संचालकों के खिलाफ अभियान चलाया गया, मगर सिर्फ खानापूर्ति ही की गई। 

महानगर में रामपुर रोड, मिगलानी सिनेमा, डबल फाटक, हनुमान मूर्ति तिराहा, रामपुर दोराहा, कोहिनूर तिराहा, कांठ रोड, दिल्ली रोड व काशीपुर मार्गों पर डग्गामार वाहन नियमों को ठेंगा दिखाते हुए दौड़ रहे हैं।  बसों की छत व पायदान पर भी यात्री सफर कर रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

प्रतिबंध के बाद भी दिल्ली रोड पर बुद्धि विहार, संभल रोड पर दस सराय पुलिस चौकी के पास, रामपुर रोड पर कटघर थाने के पास इनके स्टैंड हैं। यहां वसूली भी होती है। इसमें परिवहन व यातायात पुलिस की मिलीभगत किसी से छिपी नहीं है। डग्गामारी करने वाले मैजिक संचालकों ने रोडवेज बस अड्डा, हनुमान मूर्ति, कोहिनूर तिराहा पर भी स्टैंड बना रखे हैं। लेकिन इनके खिलाफ परिवहन विभाग व यातायात पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। 

दिल्ली व जयपुर के लिए चलती है बसें 
ईदगाह रोड व लाजपत नगर से दिल्ली, लखनऊ व जयपुर के लिए रोजाना बसें चलती हैं। सभी बसें प्रतिबंध के बाद भी शहर के अंदर होकर निकलती हैं। यह बसें कई थानों व परिवहन विभाग कार्यालय के सामने से होकर गुजरती हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। 

डग्गामार वाहनों से लगता है जाम  
रामपुर व संभल रोड पर डग्गामार वाहनों से जाम की समस्या बनी रहती है। दिन में कई बार रेलवे स्टेशन के बाहर जाम लगता है। यह वाहन सड़क पर ही यात्रियों को उतारने व चढ़ाते हैं, जिससे यहां जाम लग जाता है। यह स्थिति महानगर में कई स्थानों पर है। 

डग्गामार वाहनों पर प्रवर्तन दल लगातार कार्रवाई करता है। बिना फिटनेस वाले वाहनों को जब्त किया जा रहा है। कोहरे में बैक लाइट रिफ्लेक्टर लगाने के लिए अभियान चलाया गया है। अवैध वाहन स्टैंड पर भी पुलिस कार्रवाई करती है। जल्द ही फिर अवैध वाहनों के खिलाफ अभियान चलेगा। -छवि सिंह चौहान, एआरटीओ प्रशासन। 

ये भी पढ़ें:  मुरादाबाद : मौसम बदलते ही बढ़ी अति गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या, आवश्कतानुसार भेजा जाएगा एनआरसी

संबंधित समाचार