लखनऊ विश्वविद्यालय: दो छात्र गुटों में भिड़ंत के बाद सुरक्षा बढ़ी, चेक हो रही सीसीटीवी फुटेज
अमृत विचार, लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों की आये दिन अराजकता थमने का नाम नहीं ले रही है। अभी ओल्ड कैंपस में बर्थडे पार्टी के दौरान हुई छात्रों से मारपीट का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि जानकीपुरम स्थित न्यू कैंपस में भी एक बवाल सामने आ गया। बता दें कि यहां न्यू कैंपस में रात खेल प्रतियोगिता सुरभि का आयोजन किया गया था, इस दौरान 2 छात्रों के गुट आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। मामले का संज्ञान लेते हुए चीफ प्रॉक्टर की टीम ने विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस का आज दौरा किया है। टीम ने सभी टीचरों और कर्मचारियों से बातचीत के साथ-साथ कैंपस में लगे सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए।
विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर ने बताया छात्रों की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी जो भी छात्र दोषी है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी मारपीट के आरोप में 2 छात्रों को निलंबित किया जा चुका है और 2 छात्रों से जवाब मांगा भी गया था। वही जानकीपुरम न्यू कैंपस की स्थिति पर जानकीपुरम थाने की पुलिस अपनी निगरानी बनाए हुए है।
हॉस्टल में भी चला चेकिंग अभियान
छात्रों के बवाल के बाद चीफ प्रॉक्टर ने विश्वविद्यालय के हॉस्टल में चेकिंग अभियान चलाया है। प्रॉक्टर ने बताया कि हॉस्टल में रहने वाले लड़कों को सख्त हिदायत दी गई है कि अगर कोई बाहरी छात्र मिला तो उसका हॉस्टल निरस्त किया जाएगा। साथ ही हॉस्टल में किसी भी प्रकार की पार्टी पर रोक लगा दी गई है।
यह भी पढ़ें:- लखनऊ : दबंगों ने घर में घुसकर महिला और उसके पति को पीटा, वीडियो वायरल
