हल्द्वानी: एक साल बाद पकड़ में आया 25 हजार का इनामी बदमाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक साल से फरार चल रहा गोलीकांड का इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया। टीपीनगर चौकी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को बहेड़ी यूपी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के ऊपर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 
 

पुलिस के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व गन्ना सेंटर रामपुर रोड में किराए में रहने वाले रामपुर यूपी के मूल निवासी केशव गंगवार पर उस समय फायर झोंक दिया गया था, जब वह बैंक्वट हॉल में खाना बनाकर लौट रहा था। इस घटना में वह बुरी तरह घायल हो गया था। उसका सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार किया गया। इस मामले में पीड़ित की पत्नी रेखा गंगवार की तहरीर पर नामजद वीरेंद्र सिंह निवासी शेरगढ़ उत्तर प्रदेश फरार चल रहा था। उस पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। टीपीनगर चौकी प्रभारी पंकज जोशी व एसओजी की टीम ने आरोपी को बहेड़ी बाजार से गिरफ्तार कर लिया है। 
 

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी परिवार समेत उत्तराखंड से फरार हो गया था। इस दरम्यान उसने कई ठिकाने बदले और अंत में अपनी ससुराल में शरण ली। लेकिन पुलिस की डर से वह यहां भी ज्यादा दिन नहीं टिका। हालांकि अपनी पत्नी और बच्चे उसने ससुराल में ही छोड़ दिए थे। लंबी खोजबीन के बाद भी जब आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा तो उस पर इनाम घोषित किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। 

संबंधित समाचार