देहरादून: दस साल से एक ही स्थान पर रहने वालों के आधार होंगे अपडेट
देहरादून, अमृत विचार। मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी लोगों, विशेषकर बुजुर्ग एवं दिव्यांग व्यक्तियों का आधार कार्ड बनवाए जाने हेतु अभियान चलाया जाए। साथ ही पिछले 10 सालों से एक ही स्थान पर रहने वाले लोगों को भी आधार अपडेट किए जाने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाए।
बुधवार को सचिवालय में यूनिक आइडेंटीफिकेशन इंप्लीमेंटेशन कमेटी की बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि घर पर ही आधार बनवाए जाने हेतु योजना तैयार की जाए। इसके लिए पारिश्रमिक अथवा मानदेय आदि के आधार पर क्षेत्र के युवाओं को रखकर इस काम को कराया जा सकता है, इससे जहां आधार सैचुरेशन प्लान पूर्ण होगा, साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिल सकेगा। मुख्य सचिव ने आधार बनाने अथवा अपडेट कराए जाने से संबंधित सभी संस्थाओं को सभी आधार किट्स के सुचारू संचालन के भी निर्देश दिए।
आयोग की परीक्षाओं में लागू होगा आधार वेरिफिकेशन
देहरादून। मुख्य सचिव ने डॉ. संधु ने सचिव कार्मिक को निर्देश दिए कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में आधार वेरिफिकेशन लागू किया जाए। कहा कि यह कदम परीक्षाओं में धांधली रोकने में मददगार साबित होगा। जिन विभागों की भारत सरकार अथवा राज्य सरकार द्वारा किसी भी प्रकार की सेवाओं, लाभ एवं सब्सिडी आदि में लाभार्थी के आधार नंबर की आवश्यकता पड़ती है, परंतु उन्होंने अभी तक इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी नहीं किए हैं, शीघ्र करवा लें। बैठक में सचिव शैलेश बगोली, बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, निदेशक आईटीडीए अमित सिन्हा सहित यूआईडीएआई के अधिकारी मौजूद रहे।
