हल्द्वानी: जालसाज रितेश पांडे के बैंक खाते सीज, संपत्ति होगी जब्त
हल्द्वानी, अमृत विचार। नौकरी के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले उत्तराखंड के शातिर वांछित जालसाज रितेश पांडेय पर पुलिस शिकंजा कसते जा रही है। गैंगस्टर एक्ट में पुलिस ने रितेश के सभी बैंक खातों को सीज कर दिया है। अब अवैध रूप से अर्जित उसकी संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जेल रोड हल्द्वानी निवासी रितेश पांडेय के खिलाफ जनपद उधमसिंहनगर, नैनीताल, अल्मोड़ा व बागेश्वर में करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर युवाओं से नौकरी लगाने के नाम पर लगभग 10 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है। पुलिस ने रितेश पर 2500 रुपये का ईनाम घोषित किया था। वह लगभग पांच माह से फरार चल रहा था। जिसे बीते दिन अल्मोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार रितेश अपनी ऊंची पहुंच बताकर युवाओं को झांसे में लेता था और सचिवालय एवं विधानसभा में नौकरी लगाने के नाम पर उनसे पैसे लेता था। वह करीब 10 करोड़ से अधिक की ठगी कर चुका है। उसके पास 50 करोड़ से अधिक की बेनामी संपत्ति भी है। पुलिस ने रितेश पर शिकंजा कसते हुए उसके सभी बैंक खातों को सीज कर दिया है। साथ ही अवैध रूप से कमाई संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
इधर, डीजीपी अशोक कुमार के आदेश के बाद डीआईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने जालसाज रितेश पांडेय के खिलाफ विभिन्न जनपदों में दर्ज मुकदमों की जांच एसटीएफ को सौंपने के आदेश जारी कर दिये हैं। कहा कि, रितेश पांडेय की ठगी का शिकार कोई भी व्यक्ति पुलिस उपमहानिरीक्षक के मोबाईल नम्बर पर 9411110057 शिकायत दर्ज करा सकता है।
