टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेंगे पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अजहर अली, इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे आखिरी मैच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कराची। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और टीम के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक अजहर अली ने इंग्लैंड के खिलाफ चल रही श्रृंखला के शनिवार को यहां शुरू हो रहे तीसरे और अंतिम मैच के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है। 

अजहर (37 वर्ष) ने अभी तक 96 टेस्ट में 42.49 के औसत से 7097 रन बनाए हैं। उनके नाम 19 शतक और 35 अर्धशतक हैं जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर वेस्टइंडीज के खिलाफ दिन-रात्रि मैच में नाबाद 302 रन था। उनके नाम आठ विकेट भी हैं। पाकिस्तान के लिए वह 53 वनडे और 49 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने क्रमश: 1895 और 985 रन बनाए हैं। 

'मैं अपने परिवार का विशेष उल्लेख करना चाहता हूं' 
अजहर ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, शीर्ष स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मानजनक रहा है। संन्यास का फैसला करना हमेशा ही कठिन होता है लेकिन गहराई से विचार करने के बाद मैंने महसूस किया कि यह मेरे लिये टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का सही समय है। अजहर ने कहा, ऐसे कई लोग हैं जिनका मैं इस कठिन सफर में साथ देने के लिये आभारी हूं। मैं अपने परिवार का विशेष उल्लेख करना चाहता हूं,  जिनके त्याग के बिना मैं आज जहां हूं, वहां नहीं होता। मेरे माता-पिता, पत्नी, भाई-बहन और बच्चे हमेशा से मेरी ताकत रहे हैं।

रमीज राजा ने दी बधाई
 पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमीज राजा ने अजहर को बधाई देते हुए कहा, अजहर अली पाकिस्तान क्रिकेट के सबसे प्रतिबद्ध खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उनका धैर्य और दृढ़ संकल्प कई युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा रहा है और वह आने वाले क्रिकेटरों के लिए एक आदर्श हैं।

ये भी पढ़ें :  IND vs BAN : कुलदीप यादव ने रचा इतिहास, बांग्लादेश के खिलाफ पहली पारी में झटके पांच विकेट, अपने नाम की खास उपलब्धि

संबंधित समाचार