काशीपुर: युद्धस्तर पर चल रहा मॉडिफाइड गुड्स हाई स्पीड यान का कार्य
काशीपुर, अमृत विचार। रेलवे की ओर से यांत्रिक कारखाना इज्जतनगर को 40 अदद अधिक आयु नॉन एसी आईसीएफ यानों को न्यू मॉडिफाइड गुड्स हाई स्पीड (एनएमजीएचएस) यान में परिवर्तन किये जाने का कार्य आवंटित किया गया है। इस दौरान इज्जतनगर में यानों को मॉडिफाईड करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। एक यान को सफलतापूर्वक कर मॉडिफाईड कर दिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे मंडल इज्जतनगर पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर की ओर से यांत्रिक कारखाना, इज्जतनगर को 40 अदद अधिक आयु आईसीएफ यानों को न्यू मॉडिफाइड गुड्स हाई स्पीड यान में परिवर्तन करने का लक्ष्य दिया गया है। उपरोक्त के अनुपालन में यांत्रिक कारखाना इज्जतनगर की ओर से अथक प्रयास के दम पर प्रथम एनएमजीएचएस यान संख्या एक्स 99231/एनई का परिवर्तन कार्य 12 दिसंबर 2022 को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है।
बता दें कि नवपरिवर्तित एनएमजीएचएस यान की भार वहन क्षमता पूर्ववर्ती एनएमजी यान की तुलना में लगभग दो गुनी है। साथ ही इनकी अधिकतम गति 110 किमी/घंटा है। जिससे यह यान न केवल अधिक ऑटोमोबाइल यूनिटों का परिवहन करने में सक्षम है, बल्कि इसके संचलन से परिवहन में लगने वाले समय की भी बचत होगी। यांत्रिक कारखाना इज्जतनगर द्वारा परिवर्तित किये गये यह यान पुराने एनएमजी यानों की तुलना में कई नये फीचर्स से सुसज्जित है, जैसे कि प्लेटफार्म लोडिंग के लिए रैप असेम्बली के साथ प्रत्येक यान में 04 नग स्लाइडिंग डोर उपलब्ध कराये गये हैं।
बेहतर डिजाइन एवं बैरल लॉक के साथ दोनों सिरों पर इंडडोर एवं फॉल प्लेटे उपलब्ध करायी गयी हैं। यान के फर्श पर परफोरेटेड प्लेट एवं चेकर्ड प्लेटें लगायी गयी हैं। बेहतर वेंटिलेशन के लिए प्रत्येक कोच में 08 नग लूवर्स लगायें गयें हैं एवं यान के अन्दर प्राकृतिक रोशनी के लिए पाईप लाईट का प्रावधान किया गया है।
