MJPRU: विश्वविद्यालय का पहला अंतर्राष्ट्रीय मल्टी डिसिप्लीनरी पियर रिव्यूड जर्नल होगा प्रकाशित
ओमनीसाइंस नामक जर्नल को आईएसएसएन नंबर प्राप्त करने के लिए पंजीकृत कराया गया
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मल्टी डिसिप्लीनरी पियर रिव्यूड जर्नल प्रकाशित करने जा रहा है । ओमनीसाइंस नामक इस जर्नल को इंटरनेशनल स्टैंडर्ड सीरियल नंबर (आईएसएसएन) नंबर प्राप्त करने के लिए पिछले सप्ताह की पंजीकृत कराया है। प्रत्येक वर्ष में चार बार जर्नल प्रकाशित होगा, जिसमें 25 से 30 पेपर (शोध पत्र) प्रकाशित होंगे। इसमें शोध छात्रों के अलावा शिक्षकों व अन्य शोधार्थियों के पेपर मुफ्त में प्रकाशित किए जाएंगे। जनवरी में पहला अंक प्रकाशित हो सकता है।
जर्नल के प्रधान संपादक कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि गुणवत्ता, मौलिकता एवं नवाचार इस जर्नल में प्रकाशित शोध पत्रों की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी । इसे शीघ्र ही यूजीसी केयर लिस्ट में शामिल करने के साथ ही साथ अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर स्कोप्स एवं वेब आफ साइंस में भी शामिल कराए जाने का प्रयास किया जाएगा। जर्नल की संपादक डा. क्षमा पाण्डेय, डा. नीरज कुमार एवं डा. आभा त्रिवेदी है।
डा. क्षमा पांडेय ने बताया कि अभी तक प्राप्त 30 शोध पत्रों को समीक्षा के लिए भेजा जा चुका है। बताया कि जल्द ही इसकी वेबसाइट लांच की जाएगी। इसका डोमेन खरीद लिया गया है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर इसका लिंक भी दिया जाएगा। आईएसएसएन नंबर के लिए शोध पत्रों की साफ्ट कापी अपलोड की जाएगी। इस जर्नल में हर विषय के शोध पत्र प्रकाशित होंगे।
छात्रों को मिलेगा फायदा
विश्वविद्यालय को स्थापित हुए कई वर्ष हो गए हैं लेकिन इसका अभी तक कोई भी जर्नल प्रकाशित नहीं हुआ है। अब जर्नल प्रकाशित होने से विश्वविद्यालय से पीएचडी करने वाले छात्रों को भी काफी फायदा मिलेगा। उनके शोधपत्र भी इसमें प्रकाशित हो सकेंगे।
यह भी पढ़ें- बरेली: अलीगंज क्षेत्र में 10 घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी, रिपोर्ट दर्ज
