संभल: कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मारपीट, दोनों पक्षों पर मुकदमा
संभल, अमृत विचार। कोतवाली इलाके के मोहम्मदपुर टांडा गांव में विवाद के बाद कुछ लोगों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शर्मा के साथ मारपीट की। जिससे उन्हें चोट आई तो देर रात उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी उन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शर्मा शुक्रवार रात को अपने गांव मोहम्मदपुर टांडा में थे। तभी उनका कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया।
उनका कहना है कि वह अपने घर के पास पहंचे थे तभी रमेश व सुमित शराब पीकर उत्पात मचाने लगे। मना किया तो ये लोग गालियां देने लगे। इसके बाद इन लोगों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर उनके परिजन आए तो हमलावर भाग गए। देर रात विजय शर्मा का मेडिकल परीक्षण कराया गया। कोतवाली पुलिस ने विजय शर्मा की तहरीर पर रमेश व सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भीकनपुर शर्की थाना सैदनगली जनपद अमरोहा निवासी रमेश ने भी कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर मारपीट करने व धकमाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
ये भी पढ़ें- संभल: प्रेम विवाह के साल भर बाद ससुराल में पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव
