काशीपुर: 4891 ने दी परीक्षा, जबकि 456 अभ्यर्थी रहे नदारद
काशीपुर, अमृत विचार। लोक सेवा आयोग हरिद्वार की ओर से पुलिस आरक्षी, पीएसी, आईआरबी, अग्निशामक पुलिस पुरुष-महिला परीक्षा-2021 की लिखित परीक्षा का शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। कोरोना के बाद पहली बार पुलिस परीक्षा को लेकर उत्साह देखने को मिला। 91.47 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे।
एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार को 11 से दोपहर 1 बजे तक चंद्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय, राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जीजीआईसी काशीपुर, पं. गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज, डीएवी पब्लिक स्कूल, राजकीय पॉलिटेक्निक, तुलाराम राजाराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सांई पब्लिक स्कूल, श्री गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुंडेश्वरी रोड, शिवालिक होली माउंट एकेडमी नीझड़ा, श्री गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज, उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में लोक सेवा आयोग की ओर से पुलिस आरक्षी, पीएससी, आईआरबी, अग्निशामक पुलिस पुरुष-महिला परीक्षा-2021 का आयोजन किया गया।
पंजीकृत 5347 अभ्यर्थियों में से 4891 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 456 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई है। सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा है। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में भारी उत्साह देखने को मिला है। काफी समय बाद परीक्षा हुई है।
परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों की यह रही प्रतिक्रिया
-परीक्षा से पूर्व काफी डर लग रहा था, लेकिन प्रश्न पत्र हाथ में आने पर डर निकल गया था। 100 अंकों का प्रश्न पत्र आया था। समय रहते सभी प्रश्न हल किए हैं। -दलजीत सिंह, सितारगंज
2-इस परीक्षा से पूर्व बीडीओ की परीक्षा दे चुकी हूं। पुलिस की इस परीक्षा में 100 सवालों में से 80 प्रश्न हल कर दिए हैं। परीक्षा की तैयारी के लिए घर पर अभ्यास किया है। -मीना, खटीमा
3-बहुत दिनों बाद पुलिस की भर्ती आई है। आवेदन करने के बाद से ही परीक्षा की तैयारी में जुट गई थी। घर पर भी कड़ा अभ्यास किया है। सरकारी नौकरी पाने के लिए काफी समय से संघर्ष कर रही हूं।-
शिवानी, रुद्रपुर
4-पहली बार पुलिस की परीक्षा दी है। प्रश्न पत्र कठिन नहीं आया था। 100 सवालों में से अधिकांश हल कर दिए हैं। परीक्षा तैयारी के लिए घर पर ही अभ्यास किया गया है।-संजीव सिंह, बेरिया दौलत
