मुरादाबाद: नहाते समय पानी की बाल्टी में गिरा तार करंट से आशा संगिनी की मौत
बाथरूम में ही तड़पती रही आशा संगिनी, अस्पताल ले जाने पर किया मृत घोषित
मुरादाबाद/बिलारी, अमृत विचार। नहाते समय आशा संगिनी की करंट से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह बाथरूम में नहाने के लिए गर्म पानी कर रही थी। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो उसके बेटे ने आवाज दी । कोई हलचल न होती देख जब उसने बाथरूम का दरवाजा खेलकर देखा तो वह फर्श पर पड़ी थी। परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला हर्ष नगर में पूर्व प्रधान सत्यपाल सिंह यादव का परिवार रहता है। उनकी पत्नी संतोष (45) आशा संगिनी के पद पर गांव खबरिया हुलास नगर में कार्यरत थी। सत्यपाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर घर में छोटा बेटा और उनकी पत्नी संतोष थी। संतोष दोपहर में बाथरूम में पानी गर्म करके नहा रही थी। उन्होंने बताया कि विद्युत डोरी में प्लग नहीं लगा था, अचानक डोरी का एक तार बाल्टी में गिर गया।
इससे बाल्टी में करंट प्रवाहित हो गया। जिससे महिला करंट की चपेट में आ गई। काफी देर तक वह बाथरूम में ही तड़पती रही। बेटे ने मामले की जानकारी पिता को फोन पर दी। आनन-फानन में उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। आशा संगिनी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : दलित परिवार का उत्पीड़न कर रही पुलिस, एसएसपी से की शिकायत
