मथुरा: भारत जोड़ो यात्रा में भीड़े कांग्रेसी, जमकर हाथापाई और गाली-गलौज, हवा में लहराई पिस्टल
मथुरा, अमृत विचार। कांग्रेस के राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर कांग्रेसियों द्वारा उत्तर प्रदेश में प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा निकालने का निर्णय लिया। बरेली से शुरू हुई यह यात्रा बुधवार को मथुरा पहुंची। यहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेसियों के सामने ही एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। काफी देर तक दोनों गुटों में गाली गलौज तथा हाथापाई होती रही। वरिष्ठ कांग्रेसियों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
यह भी पढ़ें- मथुरा: महिला से छेड़छाड़-लूट करना पड़ा भारी, पुलिस ने आरोपी को गोली मारी
बरेली से शुरू हुई कांग्रेस की प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को मथुरा पहुंची। यहां यात्रा का समापन होना था। कांग्रेसियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। यात्रा होलीगेट, कोतवाली रोड, भरतपुर गेट, डीग गेट स्थित आंबेडकर मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद चौक बाजार और विश्राम घाट होते हुए होलीगेट पर पहुंची। यहां जनसभा का आयोजन किया गया।
इस दौरान एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। दोनों गुट आपस में भिड़ गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कार्यकर्ताओं को शांत कराने के लिए कांग्रेस के नेता मंच से आवाज लगाते रहे, लेकिन कार्यकर्ताओं में गाली-गलौज के साथ ही हाथापाई होती रही। इस बीच एक कार्यकर्ता द्वारा अपनी पिस्टल तक निकाल ली और हवा में लहराते हुए काफी हंगामा किया। काफी देर बाद विवाद शांत हुआ। कांग्रेस वरिष्ठ पदाधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- मथुरा: मोबाइल छीनने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और बाइक भी बरामद
