शाहजहांपुर: निर्माण कंपनी पर लगा 10 हजार का जुर्माना, गैर हाजिर अफसरों को भी नोटिस
वृहद गौ संरक्षण केंद्र का निर्माण धीमा होने पर डीएम ने की कार्यवाई
शाहजहांपुर, अमृत विचार। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में 50 लाख से ऊपर के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। ददरौल क्षेत्र में निर्माणाधीन वृहद गौ संरक्षण केंद्र का कार्य धीमा होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही कार्यदायी संस्था उप्र. स्टेट कंस्ट्रकशन एंड इन्फ्रास्ट्रकचर डेवलपमेंट कार्पोरेशन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: ट्रेन के एसी कोच के पहिये के पास धुंआ, चिंगारी निकलने से मचा हड़कंप
साथ ही संबंधित बीडीओ और सदर एसडीएम को निर्देश दिए कि नियमित कार्यो की प्रगति देख आख्या दें। चेतावनी दी कि जितने भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, उनको गुणवत्ता के साथ ही समय पर पूरा कराया जाए।
बैठक में उप्र प्रो. कार्पोरेशन लिमिटेड लखनऊ, उप्र स्टेट कन्सट्रक्शन एंड इन्फ्रास्ट्रकचर, उप्र राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड के अधिकारी नहीं शामिल हुए, इस पर डीएम ने सख्ती दिखाते हुए संबंधितों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया।
भावलखेड़ा के दाउदपुर में निर्माणाधीन वृहद गौ सरक्षण के केंद्र के कार्यो की गति बढ़ाने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नवीन राजकीय हाईस्कूल सुजातपुर में सरिया की गुणवत्ता ठीक कराने, सीएंडडीएस उप्र जल निगम द्वारा निर्माणाधीन मल्टीपरपज़ सीड स्टोर खुटार में प्रयोग की जा रही ईटों की गुणवत्ता में सुधार कराने के निर्देश दिए। नगर निगम कार्यालय एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग के कार्यों को शीघ्र पूर्ण किए जाने के लिए निर्देश दिए।
ड्रग वेयर हाउस पुवायां में निम्न गुणवत्ता की ईंटे प्रयोग किए जाने पर संबंधित संस्था नेशनल प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन लिमिटेड के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निर्देश दिए कि निर्माणाधीन कार्यो की जांच कराए। डीएम ने कहा कि कि गुणवत्ता में लापरवाही बरती तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
चेतावनी दी कि जिन निर्माण कार्या में बेवजह देरी पाई गई तो संबंधित कार्यादायी संस्थाओं के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। डीएम ने निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सीवरेज स्कीम, मेडिकल कालेज, महिला छात्रावास-पुवायां, जल निगम एवं शिक्षा विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सीडीओ श्याम बहादुर सिंह, सीएमओ, डीएसटीओ आदि अफसर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद को हाईकोर्ट से राहत, मिली अंतरिम जमानत
