लखनऊ: नशे में धुत कार सवार सिपाही ने ठेला ले जा रहे युवक को मारी टक्कर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार संवाददाता, लखनऊ। शहर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बंथरा थाना क्षेत्र स्थित लखनऊ-कानपुर हाईवे पर नशे में धुत कार चालक ने एक मूंगफली विक्रेता को जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ठेले में टक्कर मारते हुए वह डिवाइडर तोड़ती हुई दुसरी तरफ पहुंच गई। शोर-शराबे के बाद राहगीरों ने कार चालक और उसमें सवार सिपाही को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी अनुसार, बंथरा निवासी रामनरेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई दिनेश राठौर मूंगफली बेचने का काम करता है। वह रोजाना की तरह ठेला लेकर गुरुवार की रात घर वापस आ रहा था। वह जैसे ही एलआईसी ऑफिस के पास पहुंचा कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार उसे टक्कर मारते हुए सड़क की दूसरी ओर चली गई। हादसे में भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दिनेश और कार चालक सूरज द्विवेदी को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि कार चालक सूरज और उसमें सवार सिपाही ब्रजेश कुमार मौर्या नशे में थे। इसके चलते हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टी होने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार को कब्जे में ले लिया। ब्रजेश कुमार मौर्या लखनऊ में 112 में तैनात हैं। उसकी गिरफ्तारी की रिपोर्ट बनाकर कमिश्नरेट और संबंधित विभाग को भी सूचित कर दिया गया है।

सिपाही का वीडियो वायरल
कार की टक्कर से युवक के घायल होने का शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो में कार सवार सिपाही घटना के बाद लगातार लोगों को घायल का इलाज कराने और घायल के उल्टी दिशा में ठेला लाने की वजह से हादसा होने की बात दोहराता रहा। उसने लोगों से कानपुर से लिफ्ट लेकर आने की बात कही और चालक की घटना में कोई भी लापरवाही होने से इंकार किया। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि अमृत विचार नहीं करता।

गुरुवार देर रात एलआई के बंथरा बाजार के बास मूंगफली से लदे ठेले में कार ने टक्कर मार दी। जिससे ठेला ले जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार से शराब की बोतलें बरामद हुई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है ...डॉ. आशीष मिश्र, थाना प्रभारी बंथरा।

यह भी पढ़ें:-रामपुर: घर में घुसकर किशोरी की हत्या करने में छह लोगों को उम्रकैद

संबंधित समाचार