बरेली: नहीं बढ़ रही धान खरीद तो कैसे पूरा होगा लक्ष्य

 खरीद की सुस्त रफ्तार से बढ़ी अफसरों की चिंता, लक्ष्य के सापेक्ष 75 फीसदी खरीद होने का जिम्मेदार कर रहे दावा, केंद्र प्रभारी बोले, यही आलम रहा तो समय से पहले बंद होंगे केंद्र

बरेली: नहीं बढ़ रही धान खरीद तो कैसे पूरा होगा लक्ष्य

बरेली, अमृत विचार। इस बार बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी। इसका असर धान खरीद पर भी पड़ रहा है। क्रय केंद्रों पर धान की आवक बहुत कम हो गई है। जिले में धान खरीद का लक्ष्य शासन ने 1.83 लाख एमटी निर्धारित किया। लक्ष्य पूरा करने के लिए 133 क्रय केंद्र खोले गए हैं। सभी केंद्रों पर खरीद चल रही है।

ये भी पढ़ें - बरेली: किसान मेले में 194 किसानों को किया सम्मानित

समर्थन मूल्य पर खरीद को तीन माह हो रहे हैं, लेकिन अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 75 प्रतिशत खरीद हो सकी है। ऐसे में लक्ष्य कैसे पूरा होगा। इसको लेकर केंद्रों प्रभारियों से लेकर अफसरों को चिंता सता रही है। दबी जुबान से केंद्र प्रभारी कह रहे हैं कि यही आलम रहा तो आने वाले कुछ ही दिन में केंद्र बंद करने पड़ जाएंगे।

हालांकि धान की खरीद 31 जनवरी तक चलेगी। प्रशासन ने किसानों से अपना धान क्रय केंद्रों पर बेचने के कहा है ताकि लक्ष्य पूरा किया जा सके। जिले में 1 अक्टूबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीद शुरू हुई थी। समर्थन मूल्य 2040 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। करीब 31 हजार किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अब तक जिले में करीब 21 हजार 52 किसानों से एक लाख 39 हजार 452 मीट्रिक टन की खरीद की गई है। जबकि जिले में धान खरीद का लक्ष्य 1.83 लाख मीट्रिक टन निर्धारित है। डिप्टी आरएमओ कमलेश पांडेय ने बताया कि धान बेचने वाले किसानों के खातों में लगातार भुगतान भेजा जा रहा है।

धान बेचने के लिए किसानों को खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर आधार व खतौनी का विवरण दर्ज करते हुए पंजीयन कराना जरूरी है। धान खरीदने के बाद केंद्र प्रभारी सॉफ्टवेयर के जरिए ऑटो मोड में संबद्ध मिल धान भेजते हैं, इसकी प्राप्ति मिलर ऑनलाइन करते हैं।

क्रय केंद्रों पर अब धान की आवक कम हो गई है। ऐसे में लक्ष्य पूरा करना मुश्किल नजर आ रहा है। वहीं दूसरी तरफ लक्ष्य पूरा करने के लिए अब धान खरीद केंद्रों पर मनमानी की शिकायतें भी लगातार बढ़ रही हैं।

ये भी पढ़ें - बरेली: धरना स्थल पर किसानों ने मनाया भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्मदिवस, रविवार को करेंगे भूख हड़ताल