देहरादून: उत्तराखंड में छाई धुंध, सड़कों में रेंगते नजर आए वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड में दिसंबर के अंतिम हफ्ते में सर्दी का असर दिखने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में धुंध छाने लगी है। घने कोहरे में वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार में शीतलहर का कहर जारी है। पहाड़ों में पाला गिरने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। हरिद्वार में 37 साल में पहली बार -6 डिग्री तापमान पहुंचा है।

हरिद्वार के बहादराबाद में 1985 में मौसम विभाग का सेंटर स्थापित होने के बाद पहली बार बुधवार को न्यूनतम तापमान -6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान भी 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इतना कम तापमान देख एक बार को तो मौसम विभाग के अधिकारी भी हैरान रह गए। उन्होंने फिर तापमान की दोबारा जांच की।

मौसम विभाग के शोध पर्वप्रेयक नरेंद्र रावत ने बताया कि 37 साल में पहली बार न्यूनतम और अधिकतम पारे में इतनी गिरावट दर्ज हुई है। 1988 में न्यूनतम तापमान -3 रिकॉर्ड हुआ था। 2018 में न्यूनतम तापमान -1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। अधिकतम तापमान भी 37 सालों में इतने नीचे कभी नहीं आया। 

बता दें कि मौसम विभाग ने ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार में अगले 48 घंटे के लिए शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार जिलों में जबरदस्त ठंड पड़ने के साथ ही कोहरा छाया रहेगा।

संबंधित समाचार