रुद्रपुर: कंपनी प्रबंधन के खिलाफ श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने निकाला विरोध जुलूस
रुद्रपुर,अमृत विचार। सिडकुल की भगवती माइक्रोमैक्स व जायडस वेलनेस सहित कंपनियों के खिलाफ श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने विरोध जुलूस निकाला और डीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आगाह किया कि यदि श्रमिकों की मांगों पर गौर नहीं किया, तो आंदोलन किया जाएगा।
बुधवार को श्रमिक संयुक्त मोर्चा से जुड़ी सिडकुल की कई कंपनियों के श्रमिक नेता आंबेडकर पार्क में इकट्ठा हुए। जहां से उन्होंने विरोध जुलूस निकाला। जो नैनीताल हाईवे से होते हुए डीएम कार्यालय गया। इस दौरान श्रमिकों ने एसडीएम प्रत्युष सिंह को ज्ञापन देते हुए पिछले चार सालों से बंद पड़ी भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड के 351 श्रमिकों की गैर कानूनी छटनी, ले-आफ को अवैध घोषित करने, सितारगंज सिडकुल की जायडस वेलनेस कंपनी द्वारा निकाले गए 1200 स्थायी व अस्थायी श्रमिकों रोजगार देते हुए अवैध बंदी समाप्त करने, कई कंपनियों द्वारा श्रमिकों की बर्खास्तगी को बंद कर बहाल करने, ईएसआई अस्पताल सुविधाओं को बहाल करने, चिकित्सकों की कमी को दूर करने, जिले में नियमित उप श्रमायुक्त की नियुक्ति करने, श्रमिकों के लिए गठित उच्च स्तरीय प्रशासनिक कमेटी को सक्रिय करने की मांग की।
इस मौके पर श्रमिक संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष दिनेश तिवारी, मुकुल, भीम प्रसाद, सुब्रत विश्वास, विकास सती, दीपक सनवाल, ठाकुर सिंह, लोकेश पाठक, रोहताश, चेतन सिंह, दीपक मनराल, बिशन सिंह, दीपक पांडे, भुवन जोशी, अफजल हुसैन आदि मौजूद रहे।
