संभल: भाकियू के जिलाध्यक्ष ने पुलिस पर लगाया लूट और मारपीट का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार, कहा कि चेकिंग में एक ही व्यक्ति के कई वाहन रोके

अमृत विचार, चन्दौसी। कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में गांव बमनपुरी निवासी भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष ने वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर 50 हजार रुपये लूटने व मारपीट का आरोप लगाया है। जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ताओं ने आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ तहरीर दी। हालांकि पुलिस ने आरोपों को निराधार बताया है।

 बमनपुरी निवासी भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार का आरोप है कि वह मंगलवार रात दो बजे अपने साथी नंदू निवासी राजथल के साथ खंदी में फंसी हुई अपनी गाड़ी निकालने ग्राम स्योडारा के पास गया था। गाड़ी निकालकर चन्दौसी की ओर ले जा रहा था। तभी कोकावास अरिल नदी के पास पुलिसकर्मी मिले।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने गाड़ी रोककर गाली गलौज व हाथापाई की। जेब में रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही गाड़ी का पांच हजार रुपये का चालान भी काट दिया। सुनील व उसके साथी ने आधार कार्ड व भाकियू का आई कार्ड दिखाया तो पुलिसकर्मी भड़क गए।

बुधवार को सुनील जिला महासचिव सत्यवीर सिंह, ब्लाक अध्यक्ष सत्यपाल सैनी, ब्लाक उपाध्यक्ष संजीव, मंडल अध्यक्ष शारिफ चौधरी के अलावा ओमकार सिंह के साथ थाने पहुंचा। थानाध्यक्ष सीबी सिंह का कहना है कि भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष के आरोप निराधार हैं। इनके कई वाहन देर रात निकलकर जा रहे थे। पुलिस ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया था। इसीलिए ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं। 

रात में कई वाहन निकले थे, पुलिस  वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसीलिए भाकियू नेता के वाहनों को रोककर चेकिंग गई थी। वह निराधार आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है---दीपक तिवारी, सीओ चन्दौसी।

यह भी पढ़ें-  संभल: निकाय चुनाव में हार से डर रही है भाजपा- सांसद बर्क

संबंधित समाचार