बरेली: RPF क्राइम ब्रांच ने टिकटों की दलाली करने वाला पकड़ा, दूसरे जिलों से भी जुड़े हैं तार
बरेली, अमृत विचार। आरपीएफ क्राइम ब्रांच ने रेल टिकटों की दलाली का खेल पकड़ा है। टीम ने किच्छा मार्केट से एक टिकट दलाल को गिरफ्तार किया। बहेड़ी में बैठे उसके सहयोगी को मामले में वांछित किया गया है। कहा जा रहा है कि टिकट दलाली के इस अवैध कारोबार के तार दूसरे जनपदों से भी जुड़े हुए हैं।
यह भी पढ़ें- रेली: डॉ. सौरभ अग्रवाल को मिला Best MSME In School अवार्ड
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि किच्छा मार्केट में जमकर टिकटों की दलाली की जा रही है। जिसके बाद निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव ने सत्येन्द्र प्रताप सिंह, बृज मोहन शर्मा, दुर्वाशा यादव के साथ रेलवे स्टेशन किच्छा के सामने डाट नेट इंटरनेट एंड मनी ट्रांसफर पॉइंट पर छापा मारा।
मौके से आईआरसीटीसी की गलत नाम पते पर बनी 40 ई-टिकट बरामद की गईं। मौके से अमन सिंह पुत्र दयानंद सिंह निवासी केसर शुगर फैक्ट्री थाना बहेड़ी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अमन के पास बरामद कुछ ई-टिकट एवं बयान व साक्ष्यों के आधार पर टिकटों के अवैध कारोबार के सहयोगी फरीद साबिर पुत्र सिद्दीक अहमद निवासी थाना बहेड़ी क्षेत्र को वांछित किया गया है।
जिसकी गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ टीम द्वारा प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि फरार आरोपी फरीद साबिर दूसरे जनपदों के टिकट दलालों से संपर्क कर आरक्षण केन्द्रों से भी टिकट निकलवाकर यात्रियों से मुंह मांगा दाम वसूलता है। पकड़े आरोपी के खिलाफ आरपीएफ क्राइम ब्रांच द्वारा आरपीएफ पोस्ट लालकुआं पर मुकदमा पंजीकृत कराया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- बरेली: महिला अस्पताल में नहीं निजी हॉस्पिटल में होगा बेहतर इलाज, लगे ये गंभीर आरोप...
