पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, असम, कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों ने पीएम मोदी की मां के निधन पर जताया शोक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के उनके समकक्ष मनोहर लाल खट्टर और दोनों राज्यों के कई नेताओं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और कर्नाटक के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। 

चंडीगढ़/देहरादून/गुवाहाटी/बेंगलुरु/ कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीरा बा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।  बनर्जी ने शुक्रवार को ट्वीट करके अपने शोक संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनकी माता हीराबेन मोदी के निधन पर मेरी संवेदना।मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं । दुख की इस घड़ी में उन्हें और उनके परिवार को शक्ति प्राप्त हो, कामना। हीरा बा का आज तड़के निधन हो गया। वह कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं।

ये भी पढ़ें:-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने PM मोदी के मां के निधन पर शोक जताया, कहा-हीरा बा का संघर्षपूर्ण जीवन भारतीय आदर्शों का प्रतीक है

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के उनके समकक्ष मनोहर लाल खट्टर और दोनों राज्यों के कई नेताओं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और कर्नाटक के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि एक मां के जाने से जो जगह खाली हुई है उसे कभी भरा नहीं जा सकता। मान ने ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी के निधन की दुखद खबर मिली... एक मां का जिंदगी से जाना जीवन की सबसे बड़ी, कभी ना पूरी होने वाली कमी है... दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री जी और उनके पूरे परिवार के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं... ईश्वर माता जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें...।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां हीराबेन के निधन के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। सिंह ने ट्वीट किया कि माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी को उनकी प्यारी मां श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।

 शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि मोदी की मां के निधन के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ है। बादल ने ट्वीट किया कि ऐसा कुछ भी नहीं है जो मां को खोने के दुख को भर सके। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मोदी जी और उनके परिवार के साथ हैं।

पंजाब भाजपा प्रमुख अश्विनी शर्मा और हरियाणा भाजपा प्रमुख ओपी धनखड़ ने भी हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी उम्र में मां का जाना, हमेशा ही बहुत दुखदायी होता है। इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है...। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला और कुमारी शैलजा ने भी प्रधानमंत्री की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया।

सुरजेवाला ने ट्वीट किया कि मां के दुखद निधन से हुई अपूरणीय क्षति पर मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। पृथ्वी से बड़ी मां है। मां पूरी दुनिया अपने आंचल में समेटे हुए है। पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ट्वीट किया कि नरेंद्र मोदी जी को उनकी मां श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। हम दुख और पीड़ा की इस घड़ी में प्रधानमंत्री के साथ खड़े हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया कि वह बाबा केदारनाथ से प्रार्थना करते हैं कि वह प्रधानमंत्री और उनके पूरे परिवार को उनकी मां के निधन के अपार दर्द को सहने की शक्ति दें। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भी प्रार्थना की। उन्होंने ट्वीट किया कि मां की वात्सल्य भरी छांव का हट जाना अपूरणीय क्षति है। तपस्या, समर्पण एवं सत्संकल्प से अपने पुत्र को सुसंस्कारों से सुपोषित कर एक कर्मयोगी का निर्माण करने वाली माँ के चरणों में कोटि-कोटि नमन। ओम शांति।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन पर शुक्रवार को गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि हीराबेन सादगी और विनम्रता की प्रतीक थीं। उन्होंने कहा कि 100 गौरवशाली वर्षों तक हीराबेन मां ने हम सभी को अपने स्नेह से आशीर्वाद दिया। वह सादगी, विनम्रता और दृढ़ विश्वास की प्रतीक थीं। उन्होंने ट्वीट किया कि मां, जिसके चरणों में संसार होता है। मां, जो हर बालक के निर्माण की पहली पाठशाला होती है। 

आदरणीया हीराबेन ने भारत माता को धर्म, राष्ट्र, समाज के उत्थान के लिए संकल्पित पुत्र समर्पित किया है। उन्होंने एक और ट्वीट में कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी की पूज्य माताजी का गोलोक गमन। मां हीराबेन मोदी को अंतिम प्रणाम। निश्चित ही मां को श्रीहरि अपने श्री चरणों में स्थान देंगे। मां को प्रणाम। उन्होंने कहा कि अश्रुपूर्ण आंखों के साथ, जब वह स्वर्ग सिधार चुकी हैं, तो मैं लाखों लोगों के साथ उनकी प्रार्थनाओं में शामिल हूं। उनका आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ रहे।

केंद्रीय बंदरगाह और जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी मोदी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। सोनोवाल ने एक बयान में कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है जो किसी की मां को खोने से पैदा हुए खालीपन को भर सके। माननीय प्रधानमंत्री के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, मंत्रियों और राज्य के कई नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर दुख जताया है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने दुख व्यक्त करते हुए कहाइ कि उनकी आत्मा को शांति मिले और ईश्वर शोक संतप्त परिवार को इस अपार क्षति को सहन करने की शक्ति दें। मैं उनके चरणों में अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, ओम शांति शांति।

मुख्यमंत्री बोम्मई ने अपने शोक संदेश में कहा कि उनकी आत्मा को शांति मिले। भगवान प्रधानमंत्री को इस भारी दुख को सहन करने की शक्ति दें। विपक्ष के नेता सिद्धारमैया और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, वे पूरे देश के लोगों के साथ दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और परिवार एवं प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। शिवकुमार ने कहा कि माता-पिता के जाने से हुआ नुकसान अवर्णनीय है।

 पूर्व मुख्यमंत्री और जद (एस) के नेता एच डी कुमारस्वामी ने कहा कि उनकी राय में मोदी और उनकी मां के बीच का संबंध एक मां-बेटे के स्नेह की पराकाष्ठा है, जो ममतामयी और शतायु थीं। बोम्मई के कई कैबिनेट सहयोगियों और अन्य नेताओं ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री की मां हीराबेन का शुक्रवार को तड़के अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 99 वर्ष की थीं। 

सक्सेना और सिसोदिया ने मोदी की मां के निधन पर शोक जताया 
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सक्सेना ने शुक्रवार को ट्वीट करके अपने शोक संदेश में कहा कि  प्रधानमंत्री मोदी जी की परम आदरणीय माता जी श्रीमती हीरा बा के निधन पर अत्यंत दुखी हूँ। दुख की इस घड़ी में करोड़ों देशवासियों के साथ मैं माता जी के मोक्ष की कामना करता हूँ। परमात्मा से प्रार्थना है कि वह प्रधानमंत्री जी को मातृशोक बर्दाश्त करने की शक्ति दें।

सिसोदिया ने अपने शोक संदेश में कहा कि  प्रधानमंत्री मोदी जी की माताजी हीरा बा के देहांत की खबर बेहद दुखद है।मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति मोदी की मां का शुक्रवार को अहमदाबाद के एक अस्पताल में आज तड़के निधन हो गया। वह कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं।

ये भी पढ़ें:-हीरा बा की 100 साल की जीवन यात्रा का अंत... PM Modi ने दी मां को मुखाग्नि

संबंधित समाचार