New Year Celebration: जश्न मनाने से पहले जानें काशी में कहां रहेगा रूट डायवर्जन
वाराणसी, अमृत विचार। पूरी दुनिया में नए साल के जश्न को मनाने की तैयारियां चल रही हैं। अगर आप वाराणसी में हैं और बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। बाइक सवारों की निगरानी के साथ ही होटलों और रेस्टोरेंट में पुलिस की कड़ी निगरानी होगी। नव वर्ष की सुबह शहर के गंगा घाटों, रामनगर किला, सारनाथ, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम समेत अन्य स्थानों पर होने वाली भीड़ को थामने के लिए अतिरिक्त फोर्स लगाई जाएगी।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर रूट डायवर्जन और वाहनों पर रोक होगी। मैदागिन-गोदौलिया के बीच देर रात से ही नो व्हीकल जोन होगा। मैदागिन, जंगमबाड़ी और रामापुरा चौराहे से किसी भी तरह के वाहन के विश्वनाथ मंदिर की तरफ नहीं जा सकेंगे। डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि नव वर्ष पर चार जोन और 11 सेक्टर और 26 सब सेक्टर में बांटकर एसीपी, निरीक्षक और उप निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। मैदागिन और जंगमबाड़ी और रामापुरा चौराहे के पास बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा।
गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग पर भी किसी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे। विश्वनाथ धाम से गेट नंबर चार से गोदौलिया तक, गोदौलिया से दशाश्वमेध और गोदौलिया से गिरजाघर रोड तक और गोदौलिया से मैदागिन तक कतार के लिए बैरिकेडिंग की जा रही है। अस्सी तिराहे से किसी भी वाहन को गंगा घाट की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इसी तरह रविदास पार्क के आगे से किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें -Free Ration: 1 जनवरी से दिसंबर 2023 तक निशुल्क राशन बांटने का आदेश जारी
