अल्मोड़ा: आठ साल से फरार आरोपी हरियाणा से दबोचा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। पिछले आठ साल से फरार चल रहे एक पांच हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने हरियाणा में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। 

एसएसपी प्रदीप कुमार रॉय ने बताया कि वर्ष 2014 में अभियुक्त प्रदीप सिंह पुत्र ईश्वर सिंह निवासी ग्राम बामनौली थाना बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा को द्वाराहाट क्षेत्र में अवैध शराब के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया गया था। लेकिन, पिछले आठ सालों अभियुक्त न्यायालय से फरार चल रहा था। जिस कारण न्यायालय द्वारा उसे भगौड़ा घोषित किया गया था।

न्यायालय के निर्देश पर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए द्वाराहाट के थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने सर्विलांस व अन्य माध्यमों से अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की और हरियाणा में दबिश देकर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को न्यायिक मजिस्ट्रेट रानीखेत के समक्ष पेश किया गया। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी ने बताया कि अभियुक्त की तलाश में पूर्व में भी पुलिस टीम कई बार हरियाणा में दबिश दे चुकी थी। लेकिन वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पा रहा था। लेकिन, इस बार पुलिस टीम की सूझबूझ के चलते वह पकड़ में आ गया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक द्वाराहाट अवनीश कुमार, आरक्षी चंद्र प्रकाश, नंद किशोर शामिल रहे। 

संबंधित समाचार