हल्द्वानी: सात दिन में खाली करें मकान, प्रशासन ने तोड़ा तो वसूलेंगे जुर्माना
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुनादी के जरिये अतिक्रमणकारियों के लिए अंतिम चेतावनी जारी कर दी गई है। अतिक्रमणकारियों को रेलवे की भूमि खाली करने के लिए सात दिन का वक्त दिया गया है। इसके बाद अगर प्रशासन को अतिक्रमण ढहाने पड़े तो इसका खर्च भी अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा। रेलवे स्टेशन और रेल पटरियों की सुरक्षा को देखते हुए तय किया गया है कि स्टेशन और पटरी को टू लेयर सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा। अतिक्रमण ध्वस्तीकरण के दौरान हल्द्वानी में रेल का संचालन नहीं होगा।
रेल पटरी और रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार को एडीआरएम विवेक कुमार बरेली से हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने एसडीएम मनीष कुमार, सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी के साथ अतिक्रमण क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। एडीआरएम पहले काठगोदाम स्टेशन गए और अधिकारियों से अतिक्रमण के बाबत जानकारी हासिल की। इसके बाद वह हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पहुंचे।
यहां पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उन्होंने स्टेशन से शनि बाजार रेलवे क्रासिंग तक रेल और फिर वापसी में पैदल निरीक्षण किया। तय किया गया कि रेल पटरी और रेलवे स्टेशन को सुरक्षित रखने के लिए टू लेयर सुरक्षा का घेरा तैयार किया जाएगा। इसके लिए पहले लेयर में स्थाई बेरीकेडिंग की जाएगी। इसके पीछे और बेरीकेडिंग होगी और सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ की पांच बटालियन पर होगी।
इधर, तय तारीख के मुताबिक रेलवे ने एक जनवरी को जमीन खाली कराने का नोटीफिकेशन जारी कर दिया और तीन जनवरी को मुनादी करा दी। रेलवे स्टेशन की इमारत और रेलवे पटरी किनारे लाउड स्पीकर के जरिये अतिक्रमणकारियों को सात दिन में स्वयं जमीन खाली करने की चेतावनी दी गई है। साथ ही कहा गया कि अगर प्रशासन को अतिक्रमण ढहाने पड़े तो फिर न सिर्फ अतिक्रमणकारियों से हर्जाना वसूल किया जाएगा। बल्कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। पुलिस, प्रशासन और रेलवे की योजना के मुताबिक 10 जनवरी को अतिक्रमण ढहाने की कार्रवाई शुरू की जा सकती है। हालांकि प्रभावित लोग अभी सुप्रीम कोर्ट की ओर आस लगाए बैठे हैं।
पुलिस, प्रशासन और रेलवे अधिकारियों का बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप
हल्द्वानी। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम विवेक कुमार ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा, चूंकि हमारा ज्वाइंट ऑपरेशन है और ऐसे में पुलिस, प्रशासन और रेलवे के बीच सामंजस्य बनाए रखना बेहद जरूरी होगा। इसके लिए बड़े अधिकारियों का एक अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के लिए कहा।
सुरक्षा के लिए बरेली से मंगाए जाएंगे कांटे वाले बेरीकेड्स
हल्द्वानी। संयुक्त निरीक्षण में सुरक्षा के लिहाज से लगभग हर बिंदु पर चर्चा की गई। इसी के तहत स्थाई बेरीकेडिंग की बात कही गई। चर्चा में सामने आया कि स्थाई बेरीकेडिंग को कांटे वाली बेरीकेडिंग से ढका जाएगा। ताकि विवाद की स्थिति में लोग आसानी से पहला सुरक्षा घेर पार न कर सकें। इसके बाद भी लोग अगर आगे बढ़ते तो दूसरे घेरे में आरपीएफ तैनात मिलेगी।
जांच और जानकारी के लिए कल आएगी अखिलेश यादव की टीम
हल्द्वानी। पूरे मामले की जांच और जानकारी जुटाने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक टीम का गठन किया है। सांसद एसटी हसन की अगुवाई वाली ये टीम चार जनवरी को हल्द्वानी पहुंच कर जांच और जानकारी जुटाएगी। 10 सदस्यीय वाली इस टीम में विधायक अताउर रहमान, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह व प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के साथ अन्य लोग मौजूद रहेंगे।
