हल्द्वानी: इस बार और अधिक भव्य होगा उत्तरायणी मेला
हल्द्वानी, अमृत विचार। पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच में आठ जनवरी से उत्तरायणी मेला शुरू होने जा रहा है। इस बार मेले को और भव्य बनाने के लिए मंच पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। 14 जनवरी को नगर में निकलने वाली शोभायात्रा को भी भव्य तरीके से निकालने के लिए तैयारी चल रही है।
मंगलवार को मंच कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 8 से 15 जनवरी तक संपन्न होने वाले उत्तरायणी मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई। सचिव देवेंद्र तोलिया ने कहा कि गोलज्यू के आशीर्वाद से सभी व्यवधान समाप्त हो चुके हैं। मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बताया कि संस्था के प्रति समाज की जनभावनाओं को देखते हुए मेले को भव्य रूप दिया जायेगा। वहीं 14 जनवरी को निकलने वाली शोभायात्रा को इस वर्ष और भव्य स्वरूप दिया जायेगा। बैठक में पर्वतीय संस्कृति बचाओ अभियान में भागीदारी कर अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए सभी लोगों का आभार जताया गया।
इस मौके पर भुवन जोशी, मुकेश चंद्र शर्मा, गोपाल बिष्ट, एनबी गुणवंत, शोभा बिष्ट, ज्योति पाठक, रत्ना श्रीवास्तव, मधु सांगुड़ी, त्रिलोक बनोली, लीलाधर पांडे, गोपाल बिष्ट, रितेश जोशी, दीवान सिंह खनी, ललित प्रसाद, स्मित तिवारी आदि उपस्थित थे। इधर, बैठक के बाद मंच पदाधिकारियों ने बुधवार को विधायक बंशीधर भगत के आवास जाकर उनका आभार जताने का निर्णय लिया।
